पुलिस चौकी में प्रधान आरक्षक ने किया सुसाइड

छतरपुर (राजेश चौरिसया): जिले के नौगांव बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चौकी के भीतर ही एक प्रधान आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई और मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए।
घटना देर रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान तरुण गंधारक निवासी सागर के रूप में हुई है, जो नौगांव थाने में प्रधान आरक्षक पद पर पदस्थ था। उसकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार-शुक्रवार की रात को चौकी के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मानसिक तनाव के चलते उठाया कदम
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह मानसिक तनाव बताई जा रही है। एसडीओपी ने बताया कि प्रधान आरक्षक लंबे समय से तनाव में था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस महकमे में शोक का माहौल
घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक और स्तब्धता का माहौल है। साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



