इंदौर में बीच सड़क पर युवतियों ने एक युवक की लात-घूंसे से जमकर कर दी पिटाई

मध्य प्रदेश के इंदौर के एरोड्रम सड़क पर खुलेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. यहां एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ युवतियों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी. इस वीडियो को लेकर पुलिस विभाग ने अभी तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड का है, जहां सड़क पर हंगामा देखने को मिला. कुछ युवतियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी. इस मारपीट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस दौरान एक युवक मामले को अपने फोन में रिकॉर्ड करने लगा तो उसके साथ भी इन युवक और युवतियों ने छीना-झपटी की. पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले जांच शुरू कर दी है.
बाइक और एक्टिवा से युवक को मारने पहुंची युवतियां
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवतियां बाइक और एक्टिवा से मौके पर पहुंचती हैं. अपने वाहनों से उतरकर सभी अचानक एक युवक पर हमला कर देती हैं. युवक को सड़क पर गिराकर उसके साथ मारपीट की जाती है. उसके बाल खींचतीं हैं और थप्पड़ मारती हैं. युवतियां के दोस्त युवक को कसकर पकड़े हुए हैं औरर युवतियां युवक को पीट रही हैं. मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते हैं, लेकिन युवतियां उनसे भी बहस करने लगती हैं.
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी. दोनों पक्षों को थाने लाया गया, जहां उन्होंने आपसी सहमति से राजीनामा पेश कर दिया और किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया. इसके बावजूद पुलिस ने एहतियातन दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.



