मार्च में $40.43 billion की गिरावट के बाद विदेशी मुद्रा भंडार $9 billion से ज्यादा बढ़ा, सोने की बदौलत!

मुंबई: ईरान-इजरायल के बीच करीब 40 दिन तक चले युद्ध पर दो सप्ताह का विराम लगा है। युद्ध के दौरान तो अपने विदेशी मुद्रा भंडार में खूब गिरावट दिखी। लेकिन अब युद्ध विराम होने के बाद इस मोर्चे पर भी अच्छी खबर आई है। बीते सप्ताह अपने फोरेक्स भंडार में $9.06 billion की बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे पीली धातु सोना (Gold) का बड़ा हाथ है।
Forex भंडार फिर बढ़ा
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 3 अप्रैल 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $9.063 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $10.288 billion की गिरावट हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर $697.121 billion तक पहुंच गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार बढ़ कर $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।
FCA भंडार में हुई बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $1.784 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले डॉलर के मुकाबले रुपया के कमजोर पड़ने से इसमें $6.622 billion की भारी गिरावट हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $552.856 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व बढ़ा
आलोच्य सप्ताह के दौरान अंतराष्ट्रीय बाजार में सोने के मूल्य में वृद्धि हुई है। इस वजह से बीते तीन अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $7.221 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $3.666 billion की कमी हुई थी। उससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $13.495 billion की भारी कमी हुई थी। इसी के साथ अब अपने सोने के भंडार का वैल्यू बढ़ कर $120.742 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस समय आरबीआई के पास सोने का भंडार 880 टन के पार चला गया है। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 15% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।
एसडीआर में मामूली बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में मामूली बढ़ोतरी हुई है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एसडीआर में $58 million की बढ़ोतरी हुई है। अब यह बढ़ कर $18.707 billion का हो गया है। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। एक सप्ताह पहले इसमें $17 million डॉलर की कमी हुई थी। इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.816 billion का है।



