शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी 22,750 से नीचे

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में संकट गहराने और कच्चे तेल की कीमत में उछाल से आज घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी जा रही है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 700 अंक से अधिक गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स 22,750 अंक से नीचे चला गया है। इटरनल और इंडिगो में दो फीसदी गिरावट आई है। सुबह 9.28 बजे सेंसेक्स 303.82 अंक यानी 0.41% की गिरावट के साथ 73,803.03 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 88.20 अंक यानी 0.38% गिरावट के साथ 22,880.05 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट आई है। जोमैटो की पेरेंट कंपनी इटरनल के शेयरों में 2.11 फीसदी गिरावट आई जबकि इंडिगो का शेयर 1.91 फीसदी गिर गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, मारुति और एसबीआई में भी गिरावट आई। ब्रॉडर मार्केट्स में निफ्टी मिडकैप में 1.47 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.88 फीसदी गिरावट आई। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी ऑटो में 2 फीसदी गिरावट आई। निफ्टी बैंक और निफ्टी पीएसयू में भी गिरावट रही। दूसरी ओर निफ्टी मेटल और निफ्टी मीडिया में तेजी रही।
कच्चे तेल में उछाल
कच्चे तेल की कीमत में आज फिर तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 1.55 फीसदी तेजी के साथ 111.5 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.7 फीसदी उछाल के साथ 115.5 डॉलर पर आ गया। अमेरिकी बेंचमार्क में दिसंबर के लो लेवल से 110 फीसदी तेजी आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए बुधवार सुबह तक की डेडलाइन दी है जो तेजी से करीब आ रही है।



