पंजाब के धुरंधरों से टकराएंगे गिल के टाइटंस

न्यू चंडीगढ़, भारतीय टी-20 टीम से बाहर बल्लेबाज शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जब आईपीएल में क्रमश: गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की अगवाई करेंगे, तो उनका इरादा खुद को साबित करने का भी होगा। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी-20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन बाद में विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया। वर्ष 2023 के बाद से आईपीएल में गिल से ज्यादा रन सिर्फ विराट कोहली ने बनाए हैं, लेकिन अब फोकस निरंतरता की बजाय स्ट्राइक रेट पर है। गिल का टी-20 करियर का स्ट्राइक रेट 138 है, लेकिन पिछले साल उन्होंने 155 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। अब बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैथ्यू हेडन स्टाफ का हिस्सा हैं। लिहाजा गिल की छक्के मारने के कौशल और बल्लेबाजी पर नजर रखी जाएगी। हार्दिक पांड्या के जाने के बाद से गिल ने कप्तानी का जिम्मा भी बखूबी संभाला है। अपने पदार्पण वर्ष 2022 में आईपीएल खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस पिछले साल तीसरे स्थान पर रही। एक बार फिर टीम काफी संतुलित लग रही है।
सलामी बल्लेबाज गिल और साइ सुदर्शन सबसे बड़ी ताकत हैं। वहीं, पंजाब किंग्स के लिए एक बार फिर श्रेयस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा, जो तीन अलग-अलग टीमों को आईपीएल फाइनल तक ले जा चुके हैं। उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स 2020 में और पंजाब पिछले सत्र में फाइनल तक पहुंची, जबकि केकेआर ने 2024 में खिताब जीता था। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद श्रेयस को भारतीय टी-20 टीम में जगह नहीं मिली और भारत के लिए आखिरी टी20 उन्होंने दिसंबर, 2023 में खेला था। पंजाब की ताकत उसके भारतीय क्रिकेटरों में हैं, जिनमें सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य शामिल हैं। मध्यक्रम में निहाल वढेरा, शशांक सिंह और सूर्यांश शेडगे हैं, जिनका सामना राशिद खान की अगवाई में बेहतरीन स्पिन आक्रमण से होगा।



