दिल्ली-NCR में आज दिन भर छाए रहेंगे बादल, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना

नई दिल्ली। गुरुवार को भले ही मौसम विभाग का पूर्वानुमान भले ही सही साबित नहीं हुआ। दिन भर धूप निकली रही, देर शाम तक कहीं वर्षा नहीं हुई। लेकिन अब कमोबेश यही पूर्वानुमान शुक्रवार के लिए जारी किया गया है।
दिल्ली का मौसम न सिर्फ करवट लेगा बल्कि अगले कई दिन ऐसा ही बना रहेगा। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ हल्की वर्षा होने के भी आसार है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री जबकि अधिकतम 30 डिग्री रहने की संभावना है।
तेज धूप ने तीखी गर्मी का एहसास कराया
इस बीच गुरुवार को भी तेज धूप ने तीखी गर्मी का एहसास कराया। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 77 से 25 प्रतिशत रिकार्ड हुआ। सबसे कम अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री मुंगेशपुर जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री लोधी रोड एवं पूसा में रहा।
उधर गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआइ 185 के साथ ‘मध्यम’ श्रेणी में बना रहा। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार अगले कई दिन तक वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है।



