अजित पवार डेथ केस की बेंगलुरु में जीरो FIR, बारामती और मुंबई पुलिस के इनकार पर कर्नाटक पहुंचे रोहित पवार

मुंबई : पुणे, बारामती और मुंबई समेत महाराष्ट्र में अजित पवार विमान दुर्घटना मामले में केस दर्ज कराने में असफल रहे शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार को इस मामले में कर्नाटक में सफलता मिली है। उन्होंने बेंगलुरु पुलिस में इस केस की जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। बारामती में 28 जनवरी को अजित पवार के प्लेन क्रैश के मामले में शेषाद्रीपुरम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हो गया है। केस दर्ज कराने के बाद रोहित पवार मुंबई पहुंचे और पत्रकारों को इसकी जानकारी दी।
रोहित पवार ने मंगलवार को ही विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। इस मामले में दिवंगत अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने इंडियन सिविल प्रोटेक्शन कोड, 2023 के सेक्शन 173(1) के तहत ‘जीरो FIR’ के तौर पर शिकायत दर्ज कराई थी।
बेंगलुरु पुलिस ने डीजी को भेजी एफआईआर
रोहित पवारने कहा कि हमने महाराष्ट्र में कई जगहों पर केस रजिस्टर करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी, फिर हम कर्नाटक गए। कर्नाटक सरकार न्याय दिलाने के लिए आगे बढ़ी है। उन्होंने ज़ीरो FIR दर्ज करके DG को भेज दी है। रोहित ने कहा कि अजित पवार के प्लेन क्रैश के बारे मेंकेस रजिस्टर कर लिया गया है। हमने जो कर सकते थे, किया, फॉलोअपकिया।
मरीन ड्राइव में नहीं दर्ज हुआ था केस
इससे पहले उन्होंने 25 फरवरी को मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन और 26 फरवरी को बारामती पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की थी। हालांकि FIR दर्ज नहीं की गई थी। इस मामले में पुणे सीआईडी ने कहा है कि जांच सिर्फ ऐक्सिडेंटल डेथ रिपोर्ट के आधार पर चल रही है। अजित पवार के ऐक्सिडेंट के 2 महीने बाद भी जांच करने वाले अधिकारियों को कोई रिमाइंडर नहीं दिया गया है। हमें नहीं पता कि CID के साथ क्या चल रहा है।
काला जादू करने का लगाया आरोप
रोहित ने कहा कि जब अजित पवार जिंदा थे, तो उनके घर के बाहर काला जादू होते देखा गया था। अजित पवार की पार्टी में कई नेताओं ने अपनी छोटी उंगलियां काट लीं थी। रोहित पवार ने अशोक खरात मामले की ओर भी ध्यान दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह देखना जरूरी है कि अजित पवार की वह पोस्ट पाने के लिए किसने काला जादू किया था।
इशारों में बीजेपी पर आरोप
रोहित ने कहा कि मैं अब राजनीतिक मुद्दे उठाऊंगा, दादा की पार्टी के कुछ कागजात हमारे हाथ लगे हैं। बीजेपी को लगता है कि अजित पवार की पार्टी खत्म हो गई है। आइडिया यह है कि वहां अजित गुट के एमएलए इस्तीफा देकर उन्हें बीजेपी से चुनाव लड़ाया जाए। इसीलिए अब फोकस एकनाथ शिंदे की पार्टी पर शिफ्ट हो गया है।
अजित पवार प्लेन क्रैश
महाराष्ट्र के पुणे स्थित बारामती हवाई अड्डे के पास 28 जनवरी को वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित बॉम्बार्डियर लेयरजेट 45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पवार की मृत्यु हो गई। विमान मुंबई से बारामती जा रहा था और उसमें अजित पवार और चार अन्य लोग सवार थे, जिनकी इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
क्या है जीरो एफआईआर
शिकायत के आधार पर, हाई ग्राउंड्स पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की, जिसे किसी भी पुलिस थाने में दर्ज किया जा सकता है, चाहे अपराध कहीं भी हुआ हो। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमने जीरो एफआईआर दर्ज करके जांच के लिए इसे महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया है।


