लंदन जाने नहीं मांगी चार्टर्ड फ्लाइट, विराट कोहली

नई दिल्ली, आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु के बल्लेबाज विराट कोहली ने लंदन आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट मांगने की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने इन रिपोट्र्स को अफवाह बताते हुए इंस्टाग्राम पर हंसने वाले इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा जोरों पर थी कि कोहली ने आरसीबी मैनेजमेंट के सामने एक खास शर्त रखी है। इन रिपोट्र्स में कहा गया था कि अगर दो मैचों के बीच तीन दिन से ज्यादा का गैप होता है, तो कोहली चार्टर्ड फ्लाइट से लंदन अपने परिवार के पास जाएंगे और मैच से पहले वापस लौट आएंगे।
विराट कोहली ने इन दावों वाली एक रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट अपनी स्टोरी पर शेयर किया और साथ में लाफिंग इमोजी (हंसने वाली इमोजी) लगाई। कोहली पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ लंदन में ही वक्त बिता रहे हैं।
पहला मैच हैदराबाद से
आईपीएल का आगाज 28 मार्च से होगा, जहां डिफेंडिंग चैंपियन बंगलुरु में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। पिछले सीजन में पहली बार खिताब जीतने वाली आरसीबी इस बार भी कोहली के बल्ले से रनों की बारिश की उम्मीद कर रही है। कोहली 18 सालों से इसी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं।



