पहचान छुपाकर युवती से दोस्ती, रेप के दौरान बनाया वीडियो, आरोपी की तलाश

मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी में काम करने वाली सेल्स मैनेजर ने एक युवक पर दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत के आधार पर इंदौर के महिला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
मोहित नाम बताकर बढ़ाई दोस्ती
जानकारी के अनुसार पीड़िता की मुलाकात 28 अक्टूबर 2025 को फरहान शेख नाम के एक युवक से हुई थी. युवती का आरोप है कि उस समय आरोपी ने अपना असली नाम छिपाकर खुद को मोहित बताया और इसी नाम से उससे दोस्ती की. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. पीड़िता का कहना है कि 15 नवंबर को आरोपी ने उसे एक फ्लैट पर मिलने के लिए बुलाया. वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके फोटो और वीडियो भी बना लिए.
फोटो-वीडियो के जरिए किया ब्लैकमेल
युवती का आरोप है कि इस घटना के बाद आरोपी ने उन फोटो और वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. वह उन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती का शोषण करता रहा. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने कई बार उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया. इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर युवती ने आखिरकार शिकायत करने का फैसला किया.
अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज
बताया जा रहा है कि पीड़िता हिंदू जागरण मंच के कुछ पदाधिकारियों के साथ इंदौर के महिला थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी फरहान शेख के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.
गंभीरता से मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.



