छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली राजेश पुनेम ढेर, SLR-INSAS समेत भारी हथियार बरामद

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा-बीजापुर जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने भैरमगढ़ एरिया कमेटी के 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली को मार गिराया है। मारे गए माओवादी की पहचान एरिया कमेटी सदस्य (ACM) राजेश पुनेम के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से SLR और इंसास रायफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा गांवों के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री डंप किए जाने की सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर DSP राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और बस्तर फाइटर्स के जवानों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुई।

दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षा बलों की टीम संदिग्ध इलाके में सर्चिंग और घेराबंदी करते हुए आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के 8 से 10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अचानक हमला कर दिया।

नक्सलियों की फायरिंग के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी चलती रही। पुलिस की जवाबी फायरिंग और दबाव के चलते नक्सली अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान मौके से एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान बाद में भैरमगढ़ एरिया कमेटी के ACM राजेश पुनेम के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

घटनास्थल से पुलिस ने SLR रायफल, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन, जिंदा और खाली कारतूस सहित नक्सलियों से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद की है। बरामद हथियारों और सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा बलों के अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है, क्योंकि मुठभेड़ के दौरान अन्य नक्सलियों के घायल होने की भी संभावना जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button