छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार बाइक की अज्ञात वाहन से टक्कर, तीन की मौत

मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर:  एमसीबी के धनहर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर अज्ञात वाहन से हो गई. हादसे में मौके पर बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा धनहर के तिलोखन जंगल के इलाके में हुई. हादसे के बाद मृतकों के गांव में शोक की लहर फैल गई है.

हादसे का शिकार होने वालों में 2 सगे भाई शामिल

मृतकों की पहचान अवधेश, उम्र 28 साल, मोनू उर्फ अखिलेश, और श्याम सिंह गोंड, उम्र 45 साल के तौर पर हुई है. इसमें अवधेश और मोनू उर्फ अखिलेश दोनों सगे भाई थे. तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम घाघरा से किसी निजी कार्य के लिए निकले थे. रास्ते में उनकी बाइक की टक्कर अज्ञात वाहन से हो गई. जिस गाड़ी से टक्कर हुई वो हादसे के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रही.

अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर

मृतक के परिजनों ने बताया कि जब तीनों लोग तय समय के मुताबिक नियत जगह पर नहीं पहुंचे, तो परिवार वालों को चिंता हुई. लोगों ने तीनों को फोन भी लगाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिजन किसी अनहोनी की आशंका से डर गए. बाद में लोगों के द्वारा परिजनों को बताया गया कि तीन लोगों के शव धनहर के समीप रोड पर पड़े हैं. आनन फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और शवों को देख उनसे लिपटकर रो पड़े. गांव वालों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए.

केल्हारी पुलिस ने कराया तीनों का पोस्टमार्टम

हादसे की खबर मिलते ही मौके पर केल्हारी थाना पुलिस भी दल बल के साथ पहुंची. शवों का पंचनामा करने के बाद उनको पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पीएम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए. हादसे की जांच के लिए सड़क के किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने का काम किया जा रहा है. ये पता लगाया जा रहा है कि किस गाड़ी से बाइक की टक्कर हुई.

परिजनों की मांग

पीड़ित के परिजनों का कहना है कि जल्द से जल्द आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार किया जाए. स्थानीय लोगों की शिकायत है कि आए दिन इस तरह के सड़क हादसे यहां पर होते रहते हैं. बावजूद इसके यातायात पुलिस हादसों के रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं करती. लोगों ने क्षेत्र में स्पीड लिमिट बोर्ड और खतरे के साइन बोर्ड लगाने की मांग की है. जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को जो भी उचित मुआवजा होगा वो दिया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button