अमेरिका-ईरान के बीच परमाणु वार्ता के दूसरे दौर ने जगाई शांति की उम्मीद

तेहरान: अमेरिका और ईरान की मंगलवार को जिनेवा में दूसरे दौर की परमाणु वार्ता हुई है। ईरान और अमेरिका के बीच करीब तीन घंटे यह बैठक चली। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने वार्ता खत्म होने के बाद इसे पहले दौर की बातचीत की तुलना में ज्यादा अच्छी और सकारात्मक बताया है। तेहरान ने कहा है कि अमेरिका के साथ उसकी अप्रत्यक्ष बातचीत हुई और इसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर ध्यान केंद्रित किया गया। ईरान के दूसरे मुद्दों पर इसमें चर्चा नहीं की गई।
विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ईरानी टेलीविजन को बताया कि अमेरिका के साथ चर्चा काफी रचनात्मक माहौल में हुई। अराघची ने कहा, ‘जरूरी मुद्दों यानी ‘गाइडिंग प्रिंसिपल्स’ पर आम सहमति बन गई है। इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर हम एक मसौदा लिखना शुरू करेंगे। अब हमारे पास आगे बढ़ने का एक स्पष्ट और सकारात्मक रास्ता है।’
ईरान इस रास्ते पर आगे चलेगा: अराघची
अराघची ने आगे कहा, ‘यह काम एकदम से पूरा नहीं होगा लेकिन एक सकारात्मक रास्ता मिला है, जिस पर ईरान आगे बढ़ेगा। फिलहाल वार्ता के अगले दौर के लिए तारीख तय नहीं की गई है। संभावित समझौते के मसौदे पर काम करने के बाद तीसरे दौर की तारीख तय की जाएगी। तारीखें तय होने के बाद इसका ऐलान किया जाएगा।’
स्विट्जरलैंड के जिनेवा में यह वार्ता ऐसे समय हुई है, जब ईरान ने सैन्य अभ्यास के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की है। ईरान ने कहा है कि वह सैन्य अभ्यास के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को कुछ समय के लिए बंद कर देगा। अमेरिका इस क्षेत्र में जंगी जहाजों के बेड़े के जरिए अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा रहा है।
ईरान ने परमाणु हासिल ना करने की बात दोहराई
अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस ने कहा है कि वॉशिंगटन चाहता है कि तेहरान के साथ डिप्लोमेसी काम करे लेकिन डोनाल्ड ट्रंप के पास ईरान को न्यूक्लियर वेपन हासिल करने से रोकने के लिए सभी विकल्प खुले हैं। दूसरी ओर ईरानी नेताओं ने दोहराया है कि वे न्यूक्लियर वेपन हासिल करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।
ईरानी प्रेसिडेंट मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि उनका देश परमाणु बम नहीं बना रहा है। इस मुद्दे पर पश्चिम देशों की चिंता गलत है। अमेरिक और पश्चिम का कहना है कि ईरान परमाणु कार्यक्रम पर काम कर रहा है। इसी मुद्दे पर ईरान-अमेरिका में लंबे समय से तनातनी है और इसको लेकर दोनों देशों में बातचीत चल रही है।



