छत्तीसगढ़

भूपेश के बयान के जवाब में भाजपा ने पोस्टर जारी कर मंत्री केदार ने कसा तंज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक हालिया बयान ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के पॉडकास्ट में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्हें कथित तौर पर भाजपा में शामिल होने के लिए शीर्ष स्तर से संकेत दिए गए थे। इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर तीखा पलटवार करते हुए पोस्टर वार शुरू कर दिया है।

पॉडकास्ट में किए सनसनीखेज दावे

बता दें कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने पुत्र चैतन्य बघेल के साथ कपिल सिब्बल के पॉडकास्ट में शामिल हुए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया था और उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र से भी हुई थी।

भूपेश बघेल के अनुसार, शुरुआती दौर में उन्हें लगा कि यह महज सौजन्य भेंट है। लेकिन मुलाकातों के दौरान औपचारिक चर्चाओं के साथ-साथ उनके और उनके करीबियों के खिलाफ चल रहे मामलों की जानकारी ली जाती थी और मदद का आश्वासन दिया जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें समझ नहीं आता था कि विपक्ष के मुख्यमंत्री होने के बावजूद उन्हें इस तरह का आश्वासन क्यों दिया जा रहा है, लेकिन बाद में उन्हें संकेतों का अर्थ स्पष्ट हो गया।

बघेल का आरोप है कि उन्हें इशारों-इशारों में भाजपा में शामिल होने के लिए कहा जाता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका रुख साफ था और उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि वे विपक्ष में हैं और विपक्ष का धर्म निभाते रहेंगे। बावजूद इसके, उन्हें मदद का प्रस्ताव दिया जाता रहा और भरोसेमंद अधिकारियों के बारे में पूछा जाता था।

मुलाकात के बाद छापों का दावा

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब-जब वे दिल्ली से लौटते थे, उसके कुछ ही समय बाद उनके या उनके करीबी लोगों के यहां केंद्रीय एजेंसियों के छापे पड़ जाते थे। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य प्रक्रिया माना, लेकिन बाद में उन्हें घटनाक्रम में समानता दिखी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री से फोन पर बात की थी और उन्हें अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन मिला था।

भूपेश बघेल के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में सरगर्मियां तेज हो गई हैं और राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।

भूपेश बघेल के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

भूपेश बघेल के आरोपों के बाद भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री केदार ने कहा कि “उनकी जरूरत न तो छत्तीसगढ़ को है और न ही भाजपा को।” वहीं बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने बयान को “ऊलजलूल” बताते हुए कहा कि जो नेता अपनी ही पार्टी में प्रासंगिक नहीं रह गए हैं, वे अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान प्रदेश की संपदा का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार हुआ है तथा अब उससे बचने के लिए माहौल बनाया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह बयान राजनीतिक सहानुभूति बटोरने की कोशिश है।

सोशल मीडिया पर पोस्टर वार

भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर भूपेश बघेल और कांग्रेस नेतृत्व को लेकर व्यंग्यात्मक पोस्टर जारी किए गए हैं। एक पोस्टर में एआई आधारित तस्वीर के माध्यम से भूपेश बघेल, दीपक बैज और चरण दास महंत को दिखाया गया है, जिसमें उनके कथित बयान को व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button