छत्तीसगढ़

4 साल में डबल हुए टाइगर, हाथियों की संख्या में भी इजाफा: केदार कश्यप

रायपुर: छत्तीसगढ़ की साय सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं. इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर रिपोर्ट कार्ड पेश किए हैं. उन्होंने कहा कि इन दो सालों में सरकार ने पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस और ज़मीनी परिणाम देने वाले फैसले लिए हैं.

वन विभाग: हरित छत्तीसगढ़ की ओर मजबूत कदम

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि राज्य में वन एवं वृक्ष आवरण में 683 वर्ग किलोमीटर की सकल वृद्धि दर्ज की गई है, जो पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है.वर्ष 2025 में 2 करोड़ 79 लाख 41 हजार 778 पौधों का रोपण और वितरण किया गया. इसके साथ ही दो वर्षों में कुल 7 करोड़ से अधिक पौधों का वृक्षारोपण कर छत्तीसगढ़ ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने कहा कि सघन वनों में 70 प्रतिशत तक वन घनत्व बढ़ा है. भूमि स्वामियों को वृक्षारोपण के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि निजी भूमि पर भी हरियाली बढ़े.

बाघ, हाथी और जैव विविधता संरक्षण

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 में प्रदेश में केवल 17 बाघ थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 35 हो चुकी है. बाघ संरक्षण के लिए निगरानी और आवास विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. प्रदेश में 355 हाथियों का विचरण दर्ज किया गया है. मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में एलिफेंट ट्रेकिंग मैसेज सिस्टम लागू किया गया है.इसके अलावा वन भैंसा और पहाड़ी मैना जैसे दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण पर भी लगातार काम किया जा रहा है. वन क्षेत्रों में आस्था के केंद्र देवगुड़ियों का निर्माण भी कराया गया है.

वन विभाग में भर्ती और संसाधन सशक्तिकरण

दो वर्षों में वन विभाग में 463 पदों पर भर्ती की गई है. केदार कश्यप ने कहा कि आने वाले समय में 1,500 से अधिक नई भर्तियां की जाएंगी, जिससे वन संरक्षण व्यवस्था और मजबूत होगी.

परिवहन विभाग: सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

परिवहन विभाग की उपलब्धियों पर केदार कश्यप ने कहा कि वर्ष 2025 में राज्य में लगभग 15 हजार सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें करीब 6,700 लोगों की जान गई.इसी चुनौती से निपटने के लिए ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ योजना लागू की जा रही है. इस योजना के तहत रायपुर जिले को चिन्हित किया गया है. भविष्य में दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव और जगदलपुर को भी इसमें शामिल किया जाएगा.

ग्रामीण बस योजना और डिजिटल सेवाएं

सीएम ग्रामीण बस योजना के माध्यम से 425 नए गांवों तक पहली बार बस सेवा पहुंची है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही आसान हुई है.बस संगवारी ऐप के जरिए बस सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंच रही है. वाहन 4.0 और सारथी 4.0 पोर्टल के जरिए आरटीओ से जुड़ी सभी सेवाएं ऑनलाइन की गई हैं.

ई-चालान, फिटनेस जांच और कैशलेस इलाज

केदार कश्यप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वर्तमान में 20 टोल नाकों से गुजरने वाले बिना फिटनेस और बिना टैक्स वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है.आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस की घर पहुंच सेवा शुरू की गई है.सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए कैशलेस उपचार व्यवस्था लागू की गई है, जिससे समय पर इलाज संभव हो सके.

इलेक्ट्रिक वाहन नीति और टैक्स छूट

इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत वाहन मूल्य का 10 प्रतिशत या अधिकतम 1 लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है.ऑटो एक्सपो के माध्यम से 133.4 करोड़ रुपये के आरटीओ टैक्स में छूट देकर लोगों को इलेक्ट्रिक और नए वाहनों की ओर प्रोत्साहित किया गया.

सहकारिता विभाग: किसान केंद्र में सरकार

सहकारिता विभाग की उपलब्धियों पर मंत्री ने कहा कि विभाग प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप किसानों और ग्रामीणों के हित में कार्य कर रहा है. प्रदेश में 515 नई पैक्स समितियों का गठन किया गया है.2,739 उपार्जन केंद्रों के जरिए 25.49 लाख किसानों से 139 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है.

किसानों को वित्तीय मजबूती

मंत्री ने बताया कि 1.45 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं. इसके साथ ही उच्च क्षमता वाले शक्कर कारखानों की स्थापना कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूती दी गई है.

विकास, संरक्षण और सुरक्षा का संतुलन

प्रेस वार्ता के समापन पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनसुरक्षा के बीच संतुलन बनाकर काम किया है. आने वाले समय में योजनाओं को और प्रभावी बनाकर राज्य को हरित, सुरक्षित और समृद्ध बनाने का संकल्प है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button