बीएनपी या जमात… आज किसे चुनेगी बांग्लादेश की आवाम, भारत के लिए कितना महत्वपूर्ण?

बांग्लादेश में 13वें आम चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। गुरुवार सुबह 7:30 बजे कुल 300 सीटों में से 299 सीटों पर मतदान शुरू होगा। आम चुनाव के लिए वोटिंग के साथ बांग्लादेश की जनता संविधान में संशोधन के लिए जुलाई आंदोलन के दौरान तैयार किए गए नेशनल चार्टर पर भी वोट डालेगी। बांग्लादेश चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन बूथों पर मतदान पूरा हो जाएगा, वहां तुरंत मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके लिए समय सीमा शाम 4:30 बजे तय की गई है। चुनाव बैलट पेपर के जरिए होगा। हर पोलिंग बूथ पर आम चुनावों के साथ साथ रेफरेंडम की प्रक्रिया के लिए मतदान अलग-अलग होगा। चुनाव आयोग ने बताया कि शुक्रवार सुबह तक सभी 299 सीटों के नतीजे आ जाएंगे।
बांग्लादेश में हिंसा और तनाव की स्थिति को देखते हुए 10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। उधर, पाकिस्तान ने पत्रकारों की फौज उतार दी है। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के 30 पत्रकार, बांग्लादेश इलेक्शन को कवर करने पहुंचे हैं, जिनका काफी आवभगत किया गया है।



