राष्ट्रीय

अयोध्या में PM मोदी का मेगा रोड शो, किए रामलला के दर्शन, मांगा प्रभु राम का आशीर्वाद

अयोध्या. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को अयोध्या में भगवान श्री रामलला का दर्शन पूजन करने के बाद सुग्रीव किला से रोड शो की शुरुआत की. प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश में इटावा और धौरहरा की चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के बाद शाम को अयोध्या हवाई अड्डे पहुंचे जहां से सड़क मार्ग से भगवान श्रीराम के मंदिर पहुंचे.

पीएम मोदी ने अयोध्या से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार व सांसद लल्लू सिंह के समर्थन में फूलों और बैनर से सजे एक खुले वाहन (रथ) पर सवार होकर रोड शो शुरू किया और वाहन पर उनके साथ प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और लल्‍लू सिंह मौजूद थे. पीएम मोदी राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य द्वार के पास सुग्रीव किला से रथ पर सवार हुए.

प्रधानमंत्री के अभिनंदन व स्वागत के लिए राम पथ के दोनों तरफ जनता काफी पहले से उनका इंतजार कर रही थी. इस दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. भाजपा के एक नेता ने बताया कि सुग्रीव किला से लता मंगेशकर चौक तक करीब दो किलोमीटर की दूरी के बीच पीएम मोदी के रोड शो के लिए 75 ब्लॉक बनाये गए हैं जहां हर वर्ग के लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद हैं.

इसके पहले पीएम मोदी ने राम मंदिर में भगवान श्री रामलला का दर्शन पूजन किया और पूरी तरह लेटकर आशीर्वाद मांगा. पीएम मोदी मंदिर में करीब 15 मिनट रहे और इस दौरान मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने पूजन और आरती भी की.

रोड शो के लिए पीएम मोदी का रथ जैसे ही आगे बढ़ा नारों से वातावरण गूंज उठा. ‘जय श्री राम’, ‘हर हर मोदी-घर घर मोदी’, ‘फिर से मोदी सरकार-अबकी चार सौ पार’ जैसे नारों के बीच उमड़ी भीड़ ने पीएम मोदी पर फूलों की बारिश कर दी.

उनके स्वागत में जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. बाल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी. साधु संत भी सड़क के किनारे खड़े होकर पीएम मोदी के स्वागत में उत्साहित दिखे. पीएम मोदी के स्वागत में बच्चे, बड़े और महिलाएं भी मौजूद रहीं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस वर्ष 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button