सड़क पार कर रहे युवक को पिकअप ने कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एलपीजी गैस सिलेंडर से लोड एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भिषण था कि युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अशोक कुमार विश्वकर्मा (उम्र 40 वर्ष), निवासी ओंकारबंद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही एलपीजी गैस से लोड पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 353 को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। खल्लारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।



