छत्तीसगढ़

दुतकैय्या की हिंसक घटना, मुस्लिम जमात ने प्रशासन से आरोपी को सपरिवार जिलाबदर करने की मांग

गरियाबंद/राजिम। जिले के दुतकैय्या गांव में हुई हिंसक घटना के मद्देनजर हिंदू संगठनों की सक्रियता के बीच मुस्लिम जमात ने आरोपी आरिफ खान को परिवार समेत न केवल गांव से बल्कि जिले की सीमा से दूर रखने की मांग की है. शांति और सुरक्षा के लिए राजिम नवापारा में आयोजित जमात की बैठक में कई निर्णय लिए गए, जिनकी इत्तेहाद कमेटी एवं मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अल्तमश सिद्दिकी ने जानकारी दी.

बता दें कि गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैय्या खपरी में 1 फरवरी को हुई सिलसिलेवार हिंसक वारदातों के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी. वर्ष 2024 में बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद आरिफ खान ने अपने साथियों इमरान सिद्धिकी और सलीम खान के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते अलग-अलग स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया था.

घटना के मद्देनजर विहिप के जिला अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर और बजरंग दल जिला संयोजक मोहित साहू ने घटनास्थल के जायजा लेकर लौटने के बाद राजिम विश्राम गृह में प्रेस वार्ता की. उन्होंने आरोपी को प्रशासन द्वारा संरक्षण दिए जाने की बात कहते हुए मामले की सूक्ष्मता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की अपील की थी.

घटना की वजह क्षेत्र में बिगड़ते सामाजिक सौहार्द को देखते हुए मुस्लिम जमात ने बैठक कर आरोपी के संबंध में अहम फैसले लिए. इत्तेहाद कमेटी एवं मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अल्तमश सिद्दिकी ने प्रेस रिलीज के जरिए बताया कि ग्राम दुतकैया निवासी महमुद्दीन कुरैशी उर्फ भोलू भाई के पुत्र आरिफ खान के लगातार अपराधिक गतिविधियों के संलग्न रहने से क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल है.

उन्होंने स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन से महमुद्दीन खान समेत पूरे परिवार को न केवल गांव से बल्कि आसपास के जिलों में भी न रहने दिया जाए. इसके साथ मुस्लिम जमात ने दुतकैय्या में संकट की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में पुलिस प्रशासन की भूमिका के लिए प्रशंसा करते हुए आगजनी से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button