‘बॉर्डर 2’ की तीसरे दिन 100 करोड़ क्लब में हुई ग्रैंड एंट्री, तोड़ा ‘छावा’ का रिकॉर्ड

नई दिल्ली. सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रही इस वॉर ड्रामा मूवी ने पहले ही दिन से धमाका कर दिया. वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की दमदार अदाकारी से सजी इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ ओपनिंग मिली. वीकेंड पर तो फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स ध्वस्त हो गए. खास बात है कि सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने तीसरे दिन विक्की कौशल की ‘छावा’ को पीछे छोड़ दिया है.
‘बॉर्डर 2’ का क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है और लोग इस मूवी को थिएटर्स में देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. इसका असर भी बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आ रहा है. अब सनी देओल की मूवी के तीसरे दिन की कमाई के आंकड़ा सामने आ गया है. कमाल की बात है कि महज 3 दिनों के भीतर ने बड़ी आसानी से 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.
तीसरे दिन 100 करोड़ क्लब में हुई ‘बॉर्डर 2’ की एंट्री
सनी देओल की वॉर ड्रामा फिल्म ने पहले रविवार को कमाई के मामले में बड़ा उछाल मारते हुए इतिहास रच दिया है. इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने तीसरे दिन 54.5 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है. शुक्रवार को 30 करोड़ की दमदार ओपनिंग के बाद शनिवार को फिल्म की कमाई 36.5 करोड़ रही. इस तरह सिर्फ तीन दिनों में ही ‘बॉर्डर 2’ ने 121 करोड़ बटोर लिए हैं.
इसके साथ ही सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने विक्की कौशल की ‘छावा’ को पीछे छोड़ दिया है. इस पीरियड फिल्म ने तीन दिनों में 116.5 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था जिसे बॉर्डर 2 ने पार कर लिया है. आज 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) यानी नेशनल हॉलिडे है, जिसे देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि फिल्म सोमवार को कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर सकती है. यह साल 2026 की पहली हिंदी फिल्म है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा छुआ है.
दमदार कास्ट से सजी है सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’
गौरतलब है कि अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 फिल्म 1997 की क्लासिक ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है. इसमें सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारों ने अपनी एक्टिंग से जान फूंक दी है. 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित इस वॉर ड्रामा को दर्शकों और क्रिटिक्स से काफी प्यार मिल रहा है, खासकर सनी देओल के पावरफुल परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हो रही है. इसमें मोना सिंह, सोनम बाजवा और अन्या सिंह जैसी एक्ट्रेसेस ने भी काम किया है.



