आज रॉयल चैलेंजर्स के सामने मुंबई इंडियंस की बड़ी चुनौती

एजेंसियां—वडोदरा, महिला प्रीमियर लीग 2026 का 16वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच सोमवार को कोटांबी के वडोदरा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा। गौरतलब है कि डब्ल्यूपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में पिछली बार जब इन दोनों टीमों की टक्कर हुई थी, तब रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु ने अपनी इनिंग की आखिरी गेंद पर 155 रन का लक्ष्य हासिल करके मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से धूल चटाई थी। अब ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि आरसीबी की टीम एक बार फिर ये कारनामा कर पाती है या नहीं।
वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की टीम आरसीबी को धूल चटाकर अपना हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। डब्ल्यूपीएल 2026 में वडोदरा क्रिकेट स्टेडियम में अब तक चार मुकाबले हुए हैं, जिसमें से दो रन डिफेंड और दो रन चेज़ करने वाली टीम ने जीते। यहां टी-20 में पहली इनिंग का औसत स्कोर 150 रन है।



