किसे मिलेगी मुंबई मेयर की कुर्सी? उद्धव की चमकेगी किस्मत या फिर चलेगा शिंदे का इमोशनल कार्ड

मुंबई: देश की सबसे अमीर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मेयर की कुर्सी पर किसे मिलेगी? आज सुबह 11 बजे इससे पर्दा उठ जाएगा। अगर मेयर पद के आरक्षण में अनुसूचित जाति (ST) की लॉटरी निकली तो फिर उद्धव ठाकरे के किस्मत चमक जाएगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो फिर महायुति (बीजेपी-शिवसेना) से किसी पार्षद को मेयर बनने का मौका मिलेगा। मेयर पद का आरक्षण तय होने के बाद चेहरे की पसंदगी की जाएगी। बीएमसी चुनावों में बीजेपी ने सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं, ऐसे में बीजेपी अपना मेयर मुंबई में बनाना चाहती है लेकिन महायुति में सहयोगी डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे इमोशनल कार्ड खेल रहे हैं। उनका कहना है कि चूंकि 23 जनवरी को बाल ठाकरे का जन्मदिन हैं। यह उनका शताब्दी वर्ष होगा। ऐसे में मेयर की कुर्सी शिवसेना को मिलनी चाहिए। ऐसी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की तीव्र इच्छा है, तो वहीं दूसरी उद्धव ठाकरे गुट के लोकसभा सदस्य संजय जाधन ने शिवसेना के दोनों खेमों के साथ आने की अपील की है। जाधव परभणी से लोकसभा सदस्य हैं।
होटल से बाहर आए शिंदे के पार्षद
बीएमसी चुनावों में बीजेपी को 89, शिवसेना को 29 और शिवसेना यूबीटी को 65 सीटें मिली हैं। इसके अलावा मनसे को 6 और एमआईएमआईएम को 8 सीटें मिली हैं जबकि कांग्रेस ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की है। एक सीट शरद पवार की एनसीपी और 3 सीटें अजित पवार को मिली हैं। 2 सीटें समाजवादी पार्टी को मिली हैं। चुनाव नतीजों के साथ शिंदे के सभी पार्षद मुंबई के होटल ताज लैंड्स एंड चले गए थे। मंगलवार को गजट नोटिफिकेशन के बाद शिंदे सेना के कॉर्पोरेटर होटल से निकले। ये कॉर्पोरेटर 17 जनवरी से ताज लैंड्स एंड होटल में रुके हुए थे, तो वहीं दूसरी ओर शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने दिल्ली में बीजेपी नेतृत्व के साथ मुंबई में पॉवर शेयरिंग को लेकर चर्चा की।
सुबह 11 बजे निकाली जाएगी लॉटरी
मुंबई बीएमसी समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिका में मेयर पद के लिए नगर विकास विभाग आज आरक्षण लॉटरी निकालेगा। मंत्रालय में सुबह 11 बजे से लॉटरी प्रक्रिया शुरू होगी। कार्यक्रम के अनुसार 29 नगर निगमों की लॉटरी शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसल की अध्यक्षता में निकलेगी। लॉटरी निकले के बाद ही तय होगी किस मुंबई का मेयर ओबीसी, एससी या एसटी में किस कैटेगरी से होगा। बीएमसी में पिछली बार मेयर का पद सामान्य के निकला था। ऐसे में सामान्य को लॉटरी में नहीं रखा जाएगा।



