सर्दियों में बच्चों की मालिश क्यों है जरूरी? जानिए सही तेल, समय और लगाने का कारगर तरीका

Baby Care Tips: सर्दियों में नवजात और छोटे बच्चों की देखभाल सबसे ज्यादा जरूरी होती है. ठंडी हवा और रूखे मौसम से बच्चों को सर्दी-जुकाम और त्वचा की परेशानी हो सकती है. ऐसे में सही तेल से सही समय पर की गई मालिश बच्चों को गर्म रखने, त्वचा को पोषण देने और उनकी सेहत बेहतर बनाने में मदद करती है. विशेषज्ञों के अनुसार हल्के और प्राकृतिक तेल बच्चों के लिए सबसे सुरक्षित होते हैं.
सर्दियों का मौसम आते ही घर में सबसे ज्यादा चिंता नवजात और छोटे बच्चों को लेकर होने लगती है. दादा-दादी से लेकर नए माता-पिता तक सभी के मन में यही डर रहता है कि कहीं बच्चे को सर्दी-जुकाम न हो जाए या उसकी नाजुक त्वचा रूखी और फटी हुई न दिखे. ठंडी हवा, ठंडा फर्श और धूप की कमी बच्चों की सेहत पर जल्दी असर डाल सकती है. इसलिए इस मौसम में बच्चों को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है.
घरों में पीढ़ियों से एक ही परंपरा चली आ रही है. बच्चों की रोज तेल से मालिश. सिर्फ तेल लगा देना ही काफी नहीं होता. मालिश का पूरा लाभ तभी मिलता है, जब सही तेल, सही तापमान और सही समय का ध्यान रखा जाए. शिशु रोग विशेषज्ञ प्रिया वर्मा ने बताया कि हर बच्चे की त्वचा अलग होती है, खासकर नवजात शिशुओं की स्किन बेहद कोमल और संवेदनशील होती है
ऐसे में उनके लिए हल्के और नेचुरल तेल सबसे अच्छे माने जाते हैं. नारियल तेल और बादाम का तेल नवजात बच्चों के लिए सुरक्षित और फायदेमंद होते हैं, क्योंकि ये त्वचा में जल्दी अवशोषित हो जाते हैं और किसी तरह की जलन नहीं करते. अगर बच्चा थोड़ा बड़ा हो गया है, तो सरसों के तेल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. सरसों का तेल शरीर को गर्म रखने में मदद करता है, जो सर्दियों में खासतौर पर फायदेमंद होता है.
बस इस बात का ध्यान रखें कि सरसों का तेल हमेशा हल्का गुनगुना करके ही लगाएं. मालिश के बाद ठंड से बचाव जरूरीः मालिश के बाद बच्चे की त्वचा खुली रहती है, इसलिए उसे ठंड लगने का खतरा ज्यादा होता है. ऐसे में तुरंत बच्चे को गर्म कपड़े पहनाना जरूरी है. अगर बच्चे को नहलाना हो, तो मालिश के बाद 15-20 मिनट का अंतर जरूर रखें, ताकि तेल त्वचा में अच्छी तरह समा जाए.



