Lok Sabha Election Live Updates: हर तरफ एक ही गूंज, फिर एक बार मोदी सरकार- पीएम मोदी

Election Live Updates: लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी का चुनाव प्राचर अभियान जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी कमान संभाले हुए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक जनसभा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस-सपा पर जमकर निशाना साधा। हालांकि जनसभा में पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी शामिल नहीं हुए। उनकी टीम की ओर से बताया गया है कि वह कोरोना पॉजिटिव हैं। पीलीभीत से बीजेपी ने इस बार वरुण गांधी का टिकट काट दिया और उनकी जगह पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को टिकट दिया है। रॉबर्ट वाड्रा ने बड़ा बयान दिया है। रॉबर्ट वाड्रा ने अमेठी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि सिर्फ अमेठी से ही नहीं, पूरे देश से लोग मुझे चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं।
Election Live: घुसपैठ में रोक बीजेपी शासन के दौरान लगी- अमित शाह
असम के लखीमपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य में घुसपैठ में कमी बीजेपी शासन काल के दौरान आई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
Election Live: बलाघाट में पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालाघाट दौरे पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा, “आज ऐतिहासिक दिन है। जिस नेता के कहने पर, जिसके काम और नाम पर देश में लोगों को वोट मिलता है, उनका बालाघाट आगमन हो रहा है।”
Election Live: पश्चिम बंगाल में हुए घोटाले- अधीर रंजन चौधरी
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, “ममता बनर्जी को अपनी तुलना अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन से नहीं करनी चाहिए। पश्चिम बंगाल में घोटाले हुए हैं और उनकी जांच कोर्ट की निगरानी में हो रही है।”
13:02 (IST) 9 Apr 2024
Election Live: देश की महान विभूतियों का अपमान करते हैं इंडी गठबंधन के नेता- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन को, देश की महान विभूतियों का अपमान करने में भी संकोच नहीं होता। कांग्रेस के या समाजवादी पार्टी के बड़े नेता आज तक कभी स्टैच्यू आफ यूनिटी पर नहीं गए है। ये लोग विदेश घूम आते हैं, लेकिन अपने ही देश में सरदार पटेल की प्रतिमा का दर्शन नहीं करते।”
12:35 (IST) 9 Apr 2024
Election Live: तुष्टिकरण के दलदल में डूबी कांग्रेस- पीएम मोदी
कांग्रेस के घोषणापत्र पर पीएम मोदी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तुष्टिकरण के दलदल में कांग्रेस इतना डूब गई है कि उससे कभी बाहर नहीं निकल सकती। कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र बनाया है, वो कांग्रेस का नहीं, बल्कि मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र लगता है।”
12:34 (IST) 9 Apr 2024
Election Live: कांग्रेस ने सिखों का अपमान किया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “समाजवादी पार्टी आज जिस कांग्रेस के साथ खड़ी है, उस कांग्रेस ने 1984 में हमारे सिख साथियों के साथ क्या किया था, वो कोई भूल नहीं सकता। ये भाजपा है, जो सिखों के साथ पूरी शक्ति से खड़ी है, उनकी भावनाओं को समझते हुए काम करती है।”
12:05 (IST) 9 Apr 2024
Election Live: अब हम दुनिया को मदद दे रहे- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब के ग्रंथों को पूरी श्रद्धा से भारत लाए और ये सब आपके एक वोट की ताकत से हुआ है।”
12:04 (IST) 9 Apr 2024
Election Live: अब हमारे लिए कुछ भी असंभव नहीं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पीलीभीत की जनसभा में कहा, “सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी।”



