गर्लफ्रेंड नहीं, पत्नी है शाहीन शाहिद, लाल किला ब्लास्ट प्रकरण में आरोपी मुजम्मिल ने किया बड़ा खुलासा

ब्यूरो — नई दिल्ली
दिल्ली के लालकिला के पास बीते 10 नवंबर को हुए बम विस्फोट की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। गिरफ्तार संदिग्ध मुजम्मिल अहमद गनई ने जांच एजेंसियों को बताया कि सह आरोपी लेडी सर्जन शाहीन उसकी पत्नी है, न कि गर्लफ्रेंड, जैसा पहले समझा जा रहा था। इस दावे ने न केवल मामले के मानवीय पहलू को उजागर किया है, बल्कि शाहीन द्वारा दिए गए भारी-भरकम फंडिंग के पीछे की वजह को भी स्पष्ट करने का प्रयास किया है। मुजम्मिल ने बताया कि उसकी मुलाकात जैश-ए-मोहम्मद की महिला कमांडर डाक्टर शाहीन से हुई, जो उससे उम्र में बड़ी और पद में उससे उपर थी। शाहीन से उसकी नजदीकियां इतनी गहरी हो गईं कि 2023 में दोनों का निकाह हो गया।
गौरतलब है कि शाहीन का पहला पति मुंबई में रहता था और कई आधुनिक विचार रखता था, जबकि दूसरा पति गाजियाबाद में कपड़ों की दुकान चलाता था, लेकिन दोनों ही रिश्तों में वह खुश नहीं थी। हालांकि, अल फलाह यूनिवर्सिटी में डा. मुजम्मिल के करीब आकर उसने नई जिंदगी की शुरुआत की। मुजम्मिल के अनुसार, उमर समूह का मास्टरमाइंड था। वह जम्मू-कश्मीर और मेवात से यूरिया लेकर आता था, जिसका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में होता था। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन अल फलाह यूनिवर्सिटी के एक कमरे में होता था, जहां उकसाने और योजनाओं को अंजाम दिया जाता था। इसके अलावा, इस समूह ने चीनी भाषा (मैंडरिन) में एक गुप्त नेटवर्क भी बनाया था, जिसका संचालन उमर करता था।
आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए गए 25 लाख
मुजम्मिल ने पूछताछ में यह भी बताया कि यह आतंकवादी गैंग बैंक खाते के जरिए करीब 25 लाख रुपए की रकम लेकर आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल कर रहा था। इसमें डा. शाहीन और एक अन्य प्रमुख सदस्य उमर शामिल थे। उमर और मुजम्मिल ने तुर्की जाकर आतंकी ट्रेनिंग भी ली, जहां उन्हें एक हैंडलर उकासा की देखरेख में प्रशिक्षण मिला।



