राष्ट्रीय

मेरठ में गरजे PM मोदी, जिसको किसी ने नहीं पूछा उसको मोदी ने पूजा है

मेरठ में 45 मिनट गरजे PM मोदी, कहा-भ्रष्टाचारियों को लगाने पड़ रहे कोर्ट के चक्कर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज क्रांतिधरा मेरठ से चुनावी शंखनाद करेंगे। पीएम मोदी पश्चिमी यूपी से ही पूरे देश में सियासी पारा गरमाएंगे। मेरठ पहुंचने से पहले पीएम ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर की है। वह मंच पर पहुंच चुके हैं। सीएम योगी व जयंत चौधरी मंच पर मौजूद हैं।

भाषण के अंत में जनता को पीएम ने बताया काम
पीएम ने पश्चिमी यूपी की लोकसभा सीटों एनडीए के प्रत्याशियों को भी गिनाया। उन्होंने अरूण गोविल, डॉ संजीव बालियान, चंदन चौहान का नाम लिया और कहा कि कैसा भी मौसम हो, गर्मी कितनी भी हो लेकिन आप वोट डालने के लिए जरूर जाना, औरों को भी लेकर जाना।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए, नौजवानों के लिए, किसानों की समृद्धि के लिए, भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने के लिए आप मेरा एक काम करेंगे। ये काम बहुत छोटा सा है। आप घर-घर जाना और कहना कि मोदी मेरठ आए थे और आपको प्रणाम भेजा है। घर घर मेरा प्रणाम पहुंचा दीजिए। इसके बाद भारत माता की जय के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

पीएम बोले-कांग्रेस के कार्यों की कीमत देश आज तक चुका रहा है
मेरठ में जनसभा के मंच से पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यों की कीमत देश को आज तक चुकानी पड़ रही है। जब हमारे छोटे भाई जयंत चौधरी को संसद में चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न की मांग करने के लिए बोलेने लगे तो उन्हें रोकने का प्रयास किया। उनका अपमान किया गया। ऐसे लोगों को उनके क्षेत्र के घर घर में जाकर माफी मांगनी चाहिए। चौधरी चरणसिंह ने किसानों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
भ्रष्टाचारियों पर एक्शन होगा, मोदी है झुकने वाला नहीं है
मैं भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं तो कुछ लोग अपना आपा खो बैठे हैं और मेरे प्यारे देशवासियों मैं कहता हूं मोदी की गारंटी रहती है। मोदी का मंत्र है, भ्रष्टाचार हटाओ! वह कहते हैं भ्रष्टाचार बचाओ!

उन्होंने पूछा कि यह चुनाव किन दो खेमों की लड़ाई है? एक खेमा भ्रष्टाचार हटाने के लिए मैदान में है। दूसरा वह जो भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए मैदान में है।

कहा कि मैं भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नहीं कर रहा, इन भ्रष्टाचारियों ने, इन बेईमानों ने जिसका धन लूटा है, उनका धन मैं लौटा रहा हूं। इन लोगों ने मिलकर एक इंडी गठबंधन बना लिया है।

इनको लगता है मोदी इससे डर जाएगा लेकिन मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। मैं अपने देश को भ्रष्टाचार से बचाने के लिए जो भी कदम उठाए जा रहे हैं। वो उठाऊंगा।इनके खिलाफ एक बहुत बड़ी लड़ाई लडूंगा, इसलिए बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं।

सुप्रीम कोर्ट तक जमानत नहीं मिल रही है और इसलिए कई बड़े-बड़े भ्रष्टाचारियों को कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसलिए पूरे देश में अपने टीवी पर देखा होगा कहीं बिस्तर के नीचे से नोटों के ढेर निकल रहे हैं, कहीं दीवारों से नोटों के ढेर निकल रहे हैं और अभी तो मैंने देखा वाशिंग मशीन में नोटों के ढेर थे।

यह मोदी की गारंटी है, तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने पर काम कर रहा है। साथियों नमो ड्रोन दीदी योजना भी गांव में बहनों का भाग्य बदलने जा रही है। इसमें महिला स्वयं सहायता समूह को आधुनिक ड्रोन दिए जा रहे हैं। यह ड्रोन हमारी खेती का भविष्य बदलने वाले हैं। खेती का काम आसान करने वाले हैं। जब गांव की बेटियां ड्रोन पायलट बनेगी, उनका गौरव भी बढ़ेगा। उनकी कमाई भी बढ़ेगी और किसानी भी सरल हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को परेशान किया गया। किसानों को हजारों रुपये गबन कर गए।चीनी मिलों केे धड़ाधड़ बंद किया जा रहा था। किसानों के साथ जाे हेराफेरी होती थी वो हमने बंद कराई है। हम किसानों को चीनी और गुड़ तक सीमित नहीं रखना चाहते। मिलों द्वारा समय पर भुगतान किया जा रहा है। गन्ने से एथेनॉल बनाने पर तेजी से काम चल रहा है।पश्चिमी यूपी का यह क्षेत्र अब गन्ना बेल्ट की बजाय अब ऊर्जा की बेल्ट बनेगा।

महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी
लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण भी पहले संभव लगता था लेकिन नारी शक्ति अभिनंदन अधिनियम संभव लगता है।

चार करोड़ गरीबों को पक्के घर बना कर दिए यह हमारी सरकार है, जो 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर महिलाओं की गरिमा की रक्षा की है। यह हमारी सरकार है जिसने ढाई करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली कनेक्शन देकर उनके जीवन से अंधेरा दूर किया है। ढाई करोड़ बहनों बीते 10 वर्ष देश में माता-बहनों और बेटियों के लिए सुविधा सुरक्षा और सम्मान कर रहे हैं।

आने वाले पांच वर्ष नारी शक्ति की समृद्धि के होने वाले हैं। देश में करोड़ों बहन और बेटियों को पहली बार उद्यमी बनाया है। पुलिस हो या फिर अर्धसैनिक बल हो, इसमें आज बेटियों की संख्या दो गुना से अधिक हो चुकी है। मुद्रा योजना ने करोड़ों बहनों को पहली बार अपना बिजनेस शुरू करने का संबल दिया है। पिछले 10 वर्षों में 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं।

हजारों मुस्लिम बहनों की जिंदगी बचा रहा तीन तलाक कानून:पीएम मोदी
हमारे सेवा के जवानों ने यह आशा छोड़ दी थी यह भी असंभव लगता था लेकिन हमने न सिर्फ वन रैंक वन पेंशन लागू किया हमने उनके हक एक लाख करोड रुपए से ज्यादा दिया तीन तलाक का कानून भी लोगों को असंभव सा लगता था अब न सिर्फ यह कानून बन चुका है बल्कि यह हजारों मुस्लिम बहनों की जिंदगी बचा रहा है।

लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण भी पहले संभव लगता था लेकिन नारी शक्ति अभिनंदन अधिनियम संभव लगता है। जम्मू कश्मीर में धारा 370 कभी हटेगा यह भी असंभव लगता था लेकिन आर्टिकल 370 भी जाता है और जम्मू कश्मीर का तेज विकास भी हो रहा है। इसीलिए आज लोग बीजेपी के 370 सीटों का आशीर्वाद भी दे रहे हैं

अयोध्या में कभी राम मंदिर बनेगा लोगों को सपना लगता था: मोदी
उन्होंने कहा कि कभी अयोध्या में राम मंदिर बनेगा ये लोगों को मुश्किल लगता था। लेकिन राम मंदिर बना और इस बार अवध में राम लला ने भी खूब होली खेली। साथियों आर्टिकल 370 भी हटा है और जम्मू कश्मीर का विकास भी हाे रहा है। ये मोदी गरीबी से टक्कर लेकर यहां पहुंचा है इसलिए हर गरीब का दुख, हर गरीब की तकलीफ मोदी भली भांति समझता है। इसीलिए हमने गरीब की चिंता दूर करने के लिए योजनाएं बनाई। गरीब को इलाज की चिंता ने हो इसलिए पांच लाख वाली आयुष्मान योजना बनाई। मुफ्त राशन दे रही है। जिसको किसी ने नहीं बूझा उसका सम्मान हमने लौटाया है।
पीएम बोले -नौजावानों के लिए नए अवसर बनाए आगे बढ़ रहा भारत
पीएम मोदी ने कहा-साथियों मैंने लाल किले से कहा था कि यही समय है सही समय है, भारत का समय आ गया है भारत चल पड़ा है। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए अनगिनत नए अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारी शक्ति नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है आज भारत की साख दुनिया भर में भारत की साख नई ऊंचाई पर है।
मेरठ की धरती से मेरा खास रिश्ता: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मंच से चौधरी चरणसिंह को याद कर भाषण की शुरुआत की। कहा कि मेरठ से मेरा खास रिश्ता है। पिछली बार भी औघड़नाथ की इसी धरती से रैली का आगाज करने का सौभाग्य मिला। कहा कि जब भारत दुनिया में नंबर तीन पर पहुंचेगा तो देश में गरीबी तो दूर होगी ही। साथ साथ एक सामर्थ्यवान, एक सशक्त देश बनेगा।

सीएम योगी बोले-हमारा सौभाग्य है कि पीएम ने रैली के लिए मेरठ को चुना
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी ने हमें एक नए भारत का दर्शन कराया है। ये हमारा सौभाग्य है कि उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए मेरठ की भूमि को चुना है। मेरठ को इतनी सारी सौगाते दी हैं। रैपिड रेल हो या रोड की कनेक्टिविटी हो। चाहे वह स्पोर्ट्स यूनिवर्सिर्टी हो या फिर ओडीओपी हो। हर दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुआ है।

उन्होंने कहा कि ये चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट का चुनाव है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी का मतलब करोड़ों गरीबों को आवास, राशन और रोजगार की गारंटी देना है। वह जो कहते हैं वो करके रहते हैं। मोदी मात्र सपने नहीं बुनते क्योंकि उन्होंने जो करके दिखाया है। मोदी हकीकत बुनते हैं, इसीलिए तो बार बार लोग मोदी चुनते हैं।

सीएम योगी ने मंच से बोलते हुए कहा कि कल ही चौधरी चरणसिंह को भारत रत्न का सम्मान देकर किसानों का जो सम्मान किया है। इसके लिए पूरा देश कृतज्ञता प्रकट करता है। उन्होंने मंच पर मौजूद सभी नेताओं का अभिवादन किया।
मंच से बोलते जयंत चौधरी – फोटो : अमर उजाला
मंच पर मौजूद जयंत चौधरी ने माइक संभाला और जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जानते हैं कि चौधरी चरणसिंह का क्या योगदान रहा वह समझते हैं। प्रधानमंत्री का नाम बार बार नौजवान ले रहे थे। भ्रष्टाचार के खिलाफ चौधरी साहब ने आवाज उठाई। उन्होंने दादा का एक किस्सा भी मंच पर सुनाया। जयंत सिंह ने कहा कि पीएम मोदी न होते तो चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न न मिलता

बल्ला और हल देकर किया पीएम मोदी का स्वागत
मंच पर मौजूद नेताओं ने पीएम मोदी को मेरठ बल्ला, किसान का हल और लकड़ी से बना राम मंदिर देकर स्वागत किया। इसके बाद अनुप्रिया पटेल भी पीएम मोदी के पास पहुंचीं और पीएम का अभिवादन किया। मांच पर मौजूद महिला शक्ति ने बड़ फूलमाला से पीएम का स्वागत किया।
बता दें कि आज मेरठ में पश्चिमी यूपी के मतदाताओं को साधने के लिए एनडीए अपनी ताकत दिखा रहा है। पीएम सभा स्थल के मंच की ओर बढ़े। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ उन्हें लेने के लिए मंच के पीछे पहुंचे। पीएम मोदी इसके बाद मंच पर पहुंचे और हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह मंच पर मौजूद नेताओं से बात करने लगे।
अरुण गोविल ने मंच से संभाला माईक
मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल ने मंच से पश्चिमी यूपी की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह की विरासत को नमन करते हैं। इसी बीच पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर भी सभा स्थल पर पहुंच चुका है।

हरियाणा के सीएम नायाब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने गांव गरीब और किसान की चिंता की है।

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी मंच पर पहुंचे
मेरठ में आज एनडीए की रैली के लिए चौधरी जयंत सिंह भी मंच पर पहुंच चुके हैं। रालोद के समर्थकों ने उनका नारे लगाकर अभिवादन किया। इस दौरान चौधरी चरणसिंह अमर रहें के नारे भी लगाए गए।

बता दें कि मेरठ से लोकसभा प्रत्याशी अरुण गोविल, बागपत से रालोद-भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी डॉ. राजकुमार सांगवान, मुजफ्फरनगर से प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान, कैराना से प्रत्याशी प्रदीप चौधरी, बिजनौर से रालोद-भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी चंदन सिंह चौहान और सहारनपुर से प्रत्याशी राघव लखनपाल भी मंच पर रह सकते हैं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने बताया कि रैली में मेरठ, बागपत और मुजफ्फरनगर के सभी विधानसभा क्षेत्र और बिजनौर व कैराना से एक-एक विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बुलाया गया है।

सभास्थल के मंच पर मौजूद हैं ये दिग्गज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद और ओमप्रकाश राजभर मंच पर मौजूद हैं।

पीएम मोदी के मुखौटे लगाए दिखे लोग
पीएम की रैली में मौजूद लोग – फोटो : अमर उजाला
पीएम मोदी की रैली में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीदार को लेकर खास उत्साह है। लोग पीएम मोदी के मुखौटे लगाए नजर आ रहे हैं।
मंच पर पहुंचे योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के सीएम भी पहुंचे

रैली स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल नजर आ रहा है। सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ सभा स्थल के मंच पर पहुंच चुके हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मंच पर पहुंचे हैं। वहीं दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों का पांडाल में मौजूद जनता ने नारे लगाकर अभिवादन किया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button