छत्तीसगढ़

साइकोपैथ प्रेमी ने की युवती की बेरहमी से हत्या

बलौदाबाजार: शनिवार को चरोटी गांव में पैरावट में युवती की अधजली लाश मिलने की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी सालिक राम पैकरा (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी मानसिक रूप से विकृत (साइकोपैथ) प्रवृत्ति का है, जिसे महिलाओं की वेशभूषा धारण करना अच्छा लगता था. महिलाओं की तरह तैयार होकर आरोपी ने कई तस्वीरें भी खिंचवाई है. इस बात का भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने महिलाओं के नाम से सोशल मीडिया में 19 फर्जी एकाउंट भी बनाए.

सुबह मिली जली हुई लाश: 25 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम चरोटी में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने पैरावट में युवती की अधजली लाश देखी. पुलिस को सूचना दी गई. थाना सिटी कोतवाली की टीम, एफएसएल और साइबर सेल मौके पर पहुंची. घटनास्थल की बारीकी से जांच में मृतका की पहचान तेजस्विनी पटेल (26 वर्ष) निवासी चरोटी पटेलपारा के रूप में हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेजस्विनी के शरीर पर चाकू और लकड़ी से वार के गहरे निशान पाए गए. हाथ बंधे हुए थे. जांच में साफ हुआ कि हत्या कर शव को पैरावट में फेंककर जला दिया गया ताकि पहचान मिटाई जा सके.

प्रेम संबंध से इंकार बना हत्या की वजह: जांच के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों, गवाहों और मृतका के परिजनों से पूछताछ की. इसमें सामने आया कि तेजस्विनी और आरोपी सालिक राम पैकरा के बीच बीते चार से पांच महीने से प्रेम संबंध थे. दोनों बलौदाबाजार में मजदूरी करते हुए मिले थे. लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ गया था. तेजस्विनी ने संबंध खत्म करने का फैसला किया और आरोपी से दूरी बना ली. जिसके बाद आरोपी प्रेमी ने युवती की हत्या की साजिश रची.

24 अक्टूबर की रात को आरोपी ने पहले युवती को बार बार फोन और मैसेज कर मिलने बुलाया. जब युवती ने मिलने से मना किया तो वह भड़क उठा. रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच आरोपी ने फिर तेजस्विनी को मिलने के लिए बुलाया और उससे झगड़ा किया. गुस्से में उसने पहले चाकू और फिर लकड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को पास के पैरावट में ले जाकर आग लगा दी और घर जाकर सो गया. – भावना गुप्ता, एसपी बलौदाबाजार

घटना के बाद भी दिखा सामान्य: हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने सुबह उठकर सामान्य व्यवहार किया, गांव में घूमता रहा और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए दूसरे गांव चला गया. लेकिन पुलिस की बारीक जांच में वह बच नहीं सका. गांव में कैंप कर रही टीम ने व्यवहार और बयान के आधार पर सालिक राम पर शक किया. जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने हत्या की बात स्वीकार ली.

‘साइकोपैथ’ और महिला वेशभूषा में रहने वाला आरोपी: पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि सालिक राम एक साइकोपैथिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है. वह महिलाओं जैसी हरकतें करता था, महिलाओं के कपड़े पहनता था और घर में उसके द्वारा महिला वेशभूषा में खिंचवाए गए कई फोटो बरामद हुए हैं. सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी हमेशा महिलाओं से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त रहता था और खुद को आकर्षक दिखाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेता था.

आरोपी साइकोपैथी प्रवृत्ति का व्यक्ति है. जिसको महिलाओं की वेशभूषा धारण करना अच्छा लगता है. महिलाओं के परिवेष में कई फोटो उसके घर से मिले हैं. महिलाओं के नाम से सोशल मीडिया में एकाउंट बनाकर युवतियों और महिलाओं से बात करता था- भावना गुप्ता, एसपी बलौदाबाजार

19 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, महिलाओं को फंसाने की कोशिश: जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग महिलाओं के नाम और फोटो से 19 फर्जी अकाउंट बनाए हुए थे. इन अकाउंट्स के जरिए वह महिलाओं से बातचीत कर उन्हें झांसे में लेने की कोशिश करता था. पुलिस अब इन सभी अकाउंट्स और उनसे जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है. यह भी देखा जा रहा है कि क्या आरोपी ने किसी और महिला को निशाना बनाया था या सिर्फ वर्चुअल गतिविधि थी.

मृतका के परिवार का दर्द: तेजस्विनी के परिवार ने पुलिस से मांग की कि आरोपी को कठोर सजा दी जाए. परिजनों का कहना है कि तेजस्विनी मेहनती और आत्मनिर्भर थी. वह कुछ महीनों से परिवार के साथ रह रही थी और आरोपी से दूरी बना चुकी थी, लेकिन उसने उसे पीछा कर मार डाला.

मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण, साइकोपैथ क्या है: विशेषज्ञों का कहना है कि साइकोपैथिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों को अपराध के बाद भी पछतावा नहीं होता. ऐसे व्यक्ति सामाजिक रूप से आकर्षक दिखते हैं, लेकिन अंदर से बेहद हिंसक सोच रखते हैं. चरोटी केस इसका सटीक उदाहरण है. आरोपी ने हत्या के बाद भी सामान्य दिनचर्या निभाई और किसी को शक नहीं होने दिया.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button