राष्ट्रीय

दर्दनाक हादसा — बेंगलुरु जा रही बस में लगी आग, 11 यात्रियों की मौत, कई घायल

बेंगलुरु-हैदराबाद नेशनल हाईवे (NH-44) पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कावेरी ट्रैवल्स की बस आग का गोला बन गई। हादसे में 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलसकर घायल हो गए। ये बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी और इसमें कुल 38 यात्री सवार थे। हादसा कुरनूल जिले के पास हुआ, जब बस की एक दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई और कुछ ही सेकंड में बस में भयानक आग लग गई।

हादसा शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे का बताया जा रहा है। बस के चालक को शुरू में लगा कि हादसा मामूली था, लेकिन बाइक बस के नीचे फंसी रह गई थी। उसी से निकली चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। जो लोग बाहर निकल पाए, उनकी जान बच गई — बाकी लोग अंदर फंसकर जिंदा जल गए।

चंद मिनटों में बस बनी आग का गोला

कुरनूल के पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल ने बताया कि बस में आग लगने का कारण फिलहाल जांच के दायरे में है।

उन्होंने कहा, “बस की एक दोपहिया वाहन से टक्कर हुई थी। दोपहिया बस के नीचे फंस गया था। शायद इसी वजह से चिंगारी निकली और आग लग गई। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम आग के सही कारण की जांच कर रही है।”

हादसे के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिनमें 9 को सरकारी अस्पताल और 3 को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

घायल यात्रियों का इलाज जारी

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने लापता यात्रियों की पहचान और पीड़ितों के परिजनों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button