छत्तीसगढ़

BJYM अध्यक्ष राहुल टिकरिया के दौरे के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प

कवर्धा। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आज पहली बार कवर्धा पहुंचे। इस दौरान युवा मोर्चा उनके स्वागत के लिए जोर-शोर से तैयारियां कर रहा था, लेकिन राजनीतिक माहौल गरमा गया जब राहुल टिकरिया के कवर्धा पहुंचने से पहले ही ठाठ होटल के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।

इसके बाद मौके पर स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई, जब राहुल टिकरिया के काफिले में शामिल कुछ भाजपा कार्यकर्ता अचानक वाहन से उतरकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उलझ पड़े।

बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो वायरल

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों के साथ बदसलूकी की, गाली-गलौच की और मारपीट की। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जा रहा है और अपशब्दों का भी प्रयोग किया जा रहा है। वहीं एक पत्रकार के कैमरामैन को भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तमाचा जड़ दिया है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी भी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का थाने में हंगामा

कांग्रेस का आरोप है कि राहुल टिकरिया पर महिला संबंधी कई गंभीर आरोप हैं, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे थे। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता गाड़ी से उतरकर गाली-गलौच और मारपीट करने लगे। सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता पुलिस थाना पहुंचे और मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस कार्रवाई नहीं करती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

राहुल टिकरिया ने कहा- मुझे कोई जानकारी नहीं

वहीं राहुल टिकरिया ने इस पूरे मामले से खुद को अनजान बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है कि कांग्रेस ने कब काला झंडा दिखाया और कब मारपीट हुई।

इस घटना की पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और शिकायतों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं कांग्रेसी कार्यकर्ता तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर सिटी कोतवाली थाने में अड़े हुए हैं।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button