छत्तीसगढ़

ट्रैक्टर-ट्राली में दबकर मां-बेटी की मौत, पिता के सामने ही 2 साल की मासूम ने तोड़ा दम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मां और उसकी 2 साल की बेटी की मौत हो गई। यह घटना गया नगर की है, जहां स्कूटी चला रहे पिता के सामने ही मुरम से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने पत्नी और मासूम बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे दुर्ग शहर को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, गया नगर निवासी विकास साहू अपनी पत्नी और 2 साल की बेटी के साथ स्कूटी से काम के लिए जा रहे थे। जब वे गया नगर के भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने से गुजर रहे थे, तभी सामने से मुरम से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली आई। स्कूटी चालक ने वाहन को साइड में करने के लिए ब्रेक लगाया, जिससे पीछे बैठी महिला और बच्ची अचानक नीचे गिर पड़ीं और पीछे से आती ट्राली के पहिए के नीचे आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना होते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे को देखकर पिता विकास साहू गहरे सदमे में चले गए हैं।

बताया जा रहा है कि परिवार ने एक हफ्ते पहले ही अपनी लाडली का जन्मदिन मनाया था। मरारपारा वार्ड नंबर 5 के निवासी दिनेश देवांगन ने बताया कि जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वहां रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है। आसपास तीन-चार स्कूल होने के कारण बच्चों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन सड़क पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर और ट्राली को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button