अंतर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में भारी बारिश का कहर, पिछले 48 घंटों में अब तक 37 लोगों की मौत; भूस्खलन से सड़कें बंद

पाकिस्तान में पिछले 48 घंटों में भारी बारिश का कहर दिखाई दे रहा है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में अबतक पाकिस्तान में 37 लोग जान गवां चुके हैं। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे पाकिस्तान में हुई बारिश के कारण घर ढह गए और कई जगह भूस्खलन की घटनाएं देखने को मिल रही है। आलम ये है कि उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कई सड़कें अवरूद्ध हो गई।

खैबर पख्तूनख्वा में कई लोगों की मौत
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि गुरुवार रात से अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं। मुख्यमंत्री खैबर पख्तूनख्वा प्रांत अली अमीन गंडापुर ने कहा कि बारिश से प्रभावित लोगों को इस महत्वपूर्ण घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनके नुकसान के लिए उचित मुआवजा दिया जाएगा

ग्वादर में पानी भर जाने से पांच की मौत
वहीं दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में बाढ़ के कारण तटीय शहर ग्वादर में पानी भर जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे अधिकारियों को लोगों को निकालने के लिए नावों का इस्तेमाल करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में ग्वादर में भारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे सैकड़ों लोग बेघर हो गए।

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भी भारी क्षति
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भी हताहतों और क्षति की सूचना मिली है और क्षेत्र में पांच लोगों की मौत हो गई है। एनडीएमए के एक प्रवक्ता ने कहा कि राजमार्गों को अवरुद्ध करने वाले मलबे को हटाने के लिए आपातकालीन राहत और भारी मशीनरी को क्षेत्र में भेजा गया था।

पाकिस्तान में बारिश का कहर
पाकिस्तान में इस साल सर्दियों की बारिश में देरी देखी गई है, जो नवंबर के बजाए फरवरी में शुरू हुई। पाकिस्तान में हर साल मानसून के साथ-साथ सर्दियों की बारिश से भी नुकसान होता है। 2022 में बारिश और बाढ़ ने पाकिस्तान के कई हिस्सों को तबाह कर दिया, जिसमें 1,800 से अधिक लोग मारे गए।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button