कहां गई शिप्रा नदी में बही लेडी कॉन्स्टेबल, 130 जवान कर रहे तलाश, TI और SI का मिल चुका है शव

उज्जैन (विशाल सिंह): उज्जैन की शिप्रा नदी में बही कॉन्स्टेबल आरती पाल और उनकी कार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बीते 60 घंटे से एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ, होमगार्ड, पुलिस और मां शिप्रा तैराक दल के 130 सदस्य लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुआ सर्चिंग ऑपरेशन अंधेरा होने पर शाम 7 बजे रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह फिर से रेस्क्यू टीम ने अभियान शुरू किया और इसमें सोनार डिटेक्शन उपकरण की भी मदद ली जा रही है। गौरतलब है कि उन्हेल थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल आरती पाल शनिवार रात टीआई अशोक शर्मा और एसआई मदनलाल निनामा के साथ एक नाबालिग के अपहरण केस की जांच के लिए चिंतामन थाना क्षेत्र जा रही थीं। इसी दौरान कार शिप्रा नदी में बह गई।
TI के बाद मिला SI का भी शव…
मध्य प्रदेश के उज्जैन में शिप्रा नदी में गिरी कार से SI मदनलाल निमामा का शव बरामद कर लिया गया है। सोमवार को दिनभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF, SDRF, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम को यह सफलता मिली। आपको बता दें कि है कि इससे पहले रविवार को इस हादसे में लापता हुए TI अशोक शर्मा का शव भी मिल चुका है। लगातार दो दिनों से चल रहे सर्च अभियान के बाद यह दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है।
कार का बंपर 3 किमी दूर मिला
हादसे में डूबी कार का बंपर घटना स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर भृतहरि गुफा के सामने घाट के पास मिला। इससे संभावना जताई जा रही है कि कार भी आसपास ही हो सकती है।



