अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेशर पॉलिटिक्स पर भड़के शरद पवार, कहा- देशहित में मोदी सरकार का समर्थन जरूरी

नागपुर: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों पर बात की। पवार ने कहा कि ट्रंप भारतीय वस्तुओं पर ज्यादा टैक्स लगाकर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय हित में केंद्र सरकार का समर्थन करने की बात कही। पवार ने पड़ोसी देशों के साथ भारत के रिश्तों पर भी चिंता जताई।
अमेरिकी टैरिफ की आलोचना
शरद पवार ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिस तरह से भारतीय सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा रहे हैं। वह एक तरह से दबाव बनाने की रणनीति है। उन्होंने कहा कि देश के हित में हम सभी को सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह इस बात पर अटकलें नहीं लगाना चाहते कि मोदी सरकार की विदेश नीति विफल हो गई है या नहीं।
ट्रंप पर किसी का कंट्रोल नहीं
उन्होंने कहा कि हमने पहले कार्यकाल में भी अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप की कार्यशैली देखी थी। मुझे लगता है कि उन पर किसी का नियंत्रण नहीं है। जो भी उनके दिल में आता है, वह आवेग में आकर बोल देते हैं। शरद पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत और पड़ोसी देशों के बीच बढ़ती दूरी के संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों पर जताई चिंता
उन्होंने कहा कि हम अपने पड़ोसी देशों के प्रति अपने रवैये को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते। आज पाकिस्तान हमारे खिलाफ है, जबकि नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका और मालदीव जैसे देश हमसे खुश नहीं हैं। एनसीपी (एसपी) प्रमुख ने कहा कि हमारे पड़ोसी हमसे दूर जा रहे हैं। मुझे लगता है कि मोदी साहब को इस पहलू को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और संबंधों को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।



