राजनीति

हमें अपने बल पर प्रगति करनी होगी…नागपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दिया बड़ा बयान

Mohan Bhagwat News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चीफ मोहन भागवत ने देश में मौजूद हालात का जिके करते हुए आत्मनिर्भर भारत को लेकर बड़ा बयान दिया है। संघ प्रमुख ने भाषा विवाद के बीच नागपुर में संस्कृत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीयों की अस्मिता को जागृत करने के लिए देश की सभी भाषाओं और उन भाषाओं की जननी संस्कृत का विकास किया जाना चाहिए।

नागपुर: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के बाद टैरिफ वॉर पर राजनीति गरमाई हुई। अमेरिका ने 1 अगस्त की बजाए अब 7 अगस्त से 25 टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इस सब के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने एक सूचक बयान दिया है। शुक्रवार को नागपुर में संघ प्रमुख ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियां और देश का नेतृत्व हमें बता रहे हैं कि भारत को अब आत्मनिर्भर बनना चाहिए। संघ प्रमुख ने कहा कि हमें अपने बल पर प्रगति करनी होगी। सभी प्रकार के बल में वृद्धि होनी चाहिए। यदि हमें आत्मनिर्भर बनना है, तो हमें अपने स्व को पूरी तरह से समझना होगा। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम ‘स्व’ के महत्व को समझाया।


आत्मनिर्भर बनने पर दिया जोर

नागपुर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में सरसंघचालक जी रामटेक के कवि कुलगुरू कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय के वारंगा स्थित अभिनव भारती अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक परिसर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार अंतरराष्ट्रीय गुरुकुल के उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जहां स्वत्व होता है, वहां बल, शक्ति और लक्ष्मी का निवास होता है। यदि स्वत्व नहीं है, तो बल भी लुप्त हो जाता है। जब आत्मनिर्भरता आती है, तो बल-शक्ति और लक्ष्मी स्वयं ही आ जाते हैं। भारत की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। यदि हम पश्चिम के इतिहास को भी मान लें, तो सन् 1 से 1600 ई. तक भारत सबसे अग्रेसर था। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आगे कहा कि हम अपने स्वत्व पर दृढ़ थे। जब हम इसे भूलने लगे, तो हमारा पतन शुरू हो गया और हम विदेशी आक्रांताओं के शिकार हो गए।

अंग्रेजों ने बुद्धि को बनाया गुलाम
अंग्रेजों ने तो हमारी बुद्धि को गुलाम बनाने का तरीका भी विकसित कर लिया। यदि हम आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं तो हमें अपने वास्तविक स्वरूप को पूरी तरह समझना होगा। संघ प्रमुख ने कहा कि भाषा ‘स्व’भाव को अभिव्यक्त करने का साधन है। उन्होंने कहा कि भाषा हमारे ‘स्व’ भाव को अभिव्यक्त करने का साधन है। लोगों की जीवन-शैली इसी पर आधारित थी। जैसे समाज का भाव होता है, वैसे ही उसकी भाषा होती है। पश्चिमी देशों ने आसानी से एक वैश्विक बाजार का विचार दुनिया तर पहुंचाया। लेकिन वो विचार असफल रहा। हमने उन्हें वसुधैव कुटुम्बकम का विचार दिया। मोहन भागवत ने इससे पहले कोच्चि में मैकाले में शिक्षा मॉडल को खारिज किया था।

संस्कृत में सबसे बड़ा शब्द भंडार
भागवत ने कहा कि संस्कृत जानने का अर्थ है, भारत को जानना। संस्कृत जानने वाला कोई भी भाषा शीघ्र सीख सकता है। हमारी परंपरा और भाव संस्कृत भाषा से विकसित हुआ है। इसे सभी को समझना चाहिए। यदि इससे जीवन व्यवहार होता है, तो संस्कृत भी इससे विकसित होगी। शब्दों का सबसे बड़ा भंडार संस्कृत में है और यह कई भाषाओं की जननी है। देश की सभी भाषाओं का उद्गम संस्कृत में है। भाषा भी देशकाल परिस्थिति के अनुसार विकसित होती है। संस्कृत जीवन व्यवहार में लाकर हमें इसे बोलने में सक्षम होना चाहिए।

संस्कृत सभी की जननी है
संघ प्रमुख ने कहा कि संस्कृत भाषा शास्त्र की भाषा है। अपितु इसके वार्तालाप का अध्ययन किया जाना चाहिए। इसके लिए किसी संस्कृत विश्वविद्यालय से डिग्री लेना आवश्यक नहीं है। कई घर ऐसे हैं, जहां इसे पारंपरिक रूप से कंठस्थ किया जाता है। संस्कृत को घर-घर पहुंचाना और इसके माध्यम से वार्तालाप करना आवश्यक है। संस्कृत भाषा को राजाश्रय की आवश्यकता है। भारतीयों की अस्मिता को जागृत करने के लिए देश की सभी भाषाओं और उन भाषाओं की जननी संस्कृत का विकास किया जाना चाहिए। राजाश्रय के साथ-साथ, संस्कृत को जनाश्रय भी मिलना चाहिए। संस्कृत को जनाश्रय मिले, इस दिशा में प्रयास हो।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button