ज्योतिषी

तीसरी सोमवारी से पहले उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, 2.70 लाख भक्तों ने चढ़ाया जल

Shravani Mela 2025: श्रावणी मेला की तीसरी सोमवारी से पहले ही बाबानगरी गेरुआ रंग के कांवरियों से भर गया है. रविवार को करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने मनोकामना लिंग पर जलार्पण किया. इससे अधिक भक्त अभी सुल्तानगंज और बाबाधाम के बीच रास्ते में हैं. पूरा कांवरिया पथ बम बम भोले से गूंज रहा है. तीसरी सोमवारी के दिन भीड़ प्रबंधन के प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किये हैं.

श्रावणी मेले की तीसरी सोमवारी से पहले रविवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण करने के लिए लाखों श्रद्धालु बाबाधाम पहुंचे. कांवरियों की भीड़ से मंदिर परिसर और कांवरिया पथ भगवामय हो गया. सुल्तानगंज से बाबाधाम तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से कांवरिया पथ गुंजायमान हो रहा है. रविवार को 2,70,452 कांवरियों ने बाबा पर जलार्पण कर मंगलकामना की. इनमें आंतरिक अरघा से 1,79,865 तथा बाह्य अरघा से 90,587 कांवरियों ने जल चढ़ाया. रविवार को शीघ्रदर्शनम की व्यवस्था बंद रही.

Shravani Mela 2025: पट खुलते ही शुरू हुआ जलार्पण

अहले सुबह पट खुलते ही बाबा बैद्यनाथ की प्रथम पूजा चंदन झा ने की. इसके बाद सरदारी पूजा की गयी तथा भक्तों के लिए पट खोल दिया गया. पट खुलते ही बोल बम के जयकारे के साथ श्रद्धालुओं ने जलार्पण शुरू किया. इस दौरान मुख्य अरघा से लेकर बाह्य अरघा तक में कांवरियों की भीड़ लगी रही. शहर के बरमसिया चौक से लेकर बड़ा बाजार तक हर तरफ कांवरियों की कतार लगी रही.

कांवरिया पथ पर भक्तों का लगा रेला

सोमवारी पर जलार्पण के लिए रविवार दोपहर से ही कांवरिया पथ पर भीड़ बढ़ गयी. दुम्मा पहुंचते ही कांवरियों का उत्साह चरम पर पहुंच जाता है और वे तेज गति से बाबाधाम की ओर बढ़ जाते हैं. कांवर की झंकार कांवरिया पथ से लेकर शिवगंगा मार्ग तक गूंजती रही. वहीं, बाबा पर जल चढ़ाने के बाद कांवरियों के चेहरे पर अद्भुत तेज और सुकून देखा गया. मंदिर से बाहर निकलते ही श्रद्धालु ढोल की थाप पर नाचते-गाते नजर आये.

लोगों से अपील- जरूरी न हो तो वाहन न निकालें

भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कांवरिया पथ पर रहनेवाले स्थानीय लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के दोपहिया वाहनों का उपयोग सोमवार तक नहीं करें. पैदल मार्ग पर भी अत्यधिक भीड़ के कारण आम लोगों को चलने में कठिनाई हो रही है. तीसरी सोमवारी को भारी भीड़ की संभावना जतायी जा रही है. प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button