अंतर्राष्ट्रीय

 तालिबान का चीन पर बड़ा एक्शन, अमू नदी तेल अनुबंध रद्द, अफचिन पर वादाखिलाफी के आरोप

Taliban: तालिबान सरकार ने चीन की कंपनी अफचिन के साथ अमू नदी में तेल निकालने का 25 वर्षीय अनुबंध रद्द कर दिया है. कंपनी पर निवेश न करने, ड्रिलिंग में लापरवाही, रोजगार न देने और शर्तों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. जांच के बाद यह फैसला लिया गया.

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने चीन की एक बड़ी कंपनी अफचिन (Afchin) के साथ हुआ 25 साल का तेल अनुबंध रद्द कर दिया है. यह अनुबंध अफगानिस्तान की अमू नदी बेसिन से तेल निकालने को लेकर हुआ था. लेकिन कंपनी की ओर से अनुबंध की शर्तों का पालन न किए जाने के कारण तालिबान शासित खान एवं पेट्रोलियम मंत्रालय ने इस समझौते को खत्म करने की घोषणा की.

मंत्रालय के प्रवक्ता हुमायूं अफगान ने जानकारी दी कि एक अंतर-मंत्रालयी समिति ने इस मामले की जांच की थी. जांच में सामने आया कि कंपनी ने निवेश नहीं किया, ड्रिलिंग और खोज जैसे जरूरी कार्यों में लापरवाही बरती, आवश्यक गारंटी देने में नाकाम रही और अफगान नागरिकों को रोजगार देने के वादे पर भी खरी नहीं उतरी. इन सभी वजहों के चलते अनुबंध को रद्द करने की सिफारिश की गई, जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्वीकार कर लिया.

अफगानिस्तान के आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि देश के लिए खनन और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में विदेशी कंपनियों को परियोजनाएं सौंपने से पहले कठोर जांच और पारदर्शिता आवश्यक है. तोलो न्यूज से बात करते हुए आर्थिक विशेषज्ञ मोहम्मद नबी अफगान ने कहा कि देश को तेल की सख्त जरूरत है और उसके लिए काम होना चाहिए, केवल समझौते करके काम न करना न अफगानिस्तान के हित में है और न ही कंपनी के. उन्होंने सरकार को सलाह दी कि भविष्य में ऐसे अनुबंधों में ऐसी शर्तें शामिल की जाएं, जो ठोस जिम्मेदारियां तय करें और देरी से बचा जाए. अब अफगानिस्तान में मांग उठ रही है कि स्थानीय भागीदारी वाली कंपनियों को प्राथमिकता दी जाए ताकि ऐसी विफलताओं से देश को भविष्य में नुकसान न उठाना पड़े.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button