पुणे में बड़ा हादसा, इंद्रायणी नदी पर बना पुराना पुल टूटा, 15 से 20 लोग बहे, रेस्क्यू जारी

पुणे में बड़ा हादसा पेश आया है। यहां तलेगांव क्षेत्र के कुंडमाल के पास इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल भारी बारिश और तेज बहाव के कारण अचानक से ढह गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 15 से 20 लोग नदी में बह गए हैं। यह पुल पिछले कुछ समय से खस्ताहालत स्थिति में था और वाहनों के लिए पहले ही बंद कर दिया गया था, लेकिन भारी बारिश और नदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण कई लोग इस पुल पर आ गए और बढ़े हुए जलस्तर के नजारे देख रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुट गई हैं। गोताखोरों की सहायता से नदी में सर्च अभियान चलाया गया है। प्रशासन ने नदी के आसपास लोगों के जमा न होने की अपील की है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अभी तक 6 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक 10 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अभी 5 से 6 लोगों को बचा लिया गया है।
बता दें कि देहू संत तुकाराम से जुड़ा एक प्रमुख तीर्थ स्थल है, जहां रविवार को भक्तों और पर्यटकों की भारी भीड़ थी। यह पुल नदी के दोनों किनारों को जोड़ता था और अचानक ढह गया। एक चश्मदीद ने बताया कि पुल बिना किसी चेतावनी के टूट गया। लोगों को बचने का मौका ही नहीं मिला। कई लोग नदी में गिर गए और पानी के तेज बहाव में बह गए।



