बुधवार को करेंगे ये काम तो भगवान गणेश हो जाएंगे नाराज, उठाना पड़ेगा भारी नुकसान

Things Not To Do On Wednesday : हिंदू धर्म में बुधवार का दिन विशेष रूप से भगवान गणेश को समर्पित माना जाता है। ऐसे में इस दिन गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना करने से बेहद शुभ फल की प्राप्ति होती है। वहीं, ज्योतिषशास्त्र में बुधवार के कुछ विशेष उपाय और नियम भी बताए गए हैं। मान्यता है कि इस दिन जाने-अनजाने में कुछ कार्यों को भूलकर भी नहीं करना चाहिए। इससे व्यक्ति को जीवन में कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और भगवान गणेश आपसे नाराज हो सकते हैं। वहीं, अगर आप इन नियमों का मानते हैं तो इससे जीवन में सदैव खुशहाली बनी रहती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि बुधवार के दिन किन-किन कामों को करने की मनाही होती है।
बुधवार को उधार देने या लेने की न करें गलती
माना जाता है कि बुधवार के दिन भूलकर भी किसी व्यक्ति को उधार नहीं देना चाहिए। ऐसा करने से दिए हुए पैसे वापस मिलने की बहुत कम संभावना होती है। साथ ही, इस दिन किसी भी व्यक्ति से उधार लेने की भी मनाही होती है। अगर आप ऐसा करते हैं, तो भारी कर्ज में डूब सकते हैं और जीवन में एक के बाद एक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में बुधवार के दिन गलती से भी पैसों के लेन-देन से जुड़ा कार्य नहीं करना चाहिए। यह आपके जीवन में दुखों का कारण बन सकता है।
बुधवार को न करें विवाद और वाणी पर भी रखें संयम
यह दिन बुध ग्रह से संबंधित होता है, जो व्यापार, बुद्धि, वाणी आदि से जुड़ा होता है। ऐसे में बुधवार के दिन अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए और किसी के साथ भी कटु शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से भगवान गणेश आपसे रुष्ट हो सकते हैं और इसका प्रभाव आपके जीवन पर भी पड़ सकता है। माना जाता है कि बुधवार के दिन गलती से भी किसी के साथ वाद-विवाद नहीं करना चाहिए। इससे जातक को अशुभ फल की प्राप्ति हो सकती है और जीवन में कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
किसी भी कन्या का भूलकर भी न करें अपमान
माना जाता है कि बुधवार के दिन किसी भी कन्या का अपमान नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आपकी तरक्की पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, बुध ग्रह का संबंध मौसी, बहन, बेटी, और बुआ से होता है। ऐसे में विशेष रूप से बुधवार को इन लोगों का अपमान नहीं करना चाहिए। वहीं, अगर संभव हो तो इस दिन इन्हें अपनी सैलरी से कुछ न कुछ भेंट जरूर करना चाहिए। ऐसा करने से जातक की कुंडली में बुध ग्रह मजबूत होता है और भगवान गणेश की कृपा भी प्राप्त हो सकती है। लेकिन अगर आप बुधवार को किसी कन्या का अपमान करते हैं, तो इससे व्यक्ति के करियर और कारोबार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।


