दस जून को राजकीय आईटीआई में लगेगा रोजगार मेला

चंदौसी। जिला सेवायोजन कार्यालय संभल की ओर से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन चंदौसी आईटीआई में दस जून को किया जाएगा। जिसमें लखनऊ की फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेगी। इच्छुक युवा सेवायोजन विभाग के संगम पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी आमिर जुबैर ने बताया कि एक दिवसीय रोजगार मेले में फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेगी। ऐसे इच्छुक अभ्यर्थी, जो रोजगार मेले में शामिल होना चाहते हैं। वे अपना पंजीकरण सेवायोजन विभाग के संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अवश्य करा लें। अभ्यर्थियों की आयु 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता स्नातक व परास्नातक होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा साथ लेकर ही रोजगार मेले में उपस्थित हों।



