महाराष्ट्र

हाऊ इज द जोश! बस बंदूक पकड़ा दो, ठोक कर आएंगे… भारत के युवाओं का तेवर देख कांप जाएगा पाकिस्तान

चंडीगढ़: भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव ने देशभर में एक बार फिर देशभक्ति की भावना को उभार दिया है। देश की जनता युद्ध के लिए बॉर्डर पर नहीं जा सकती, लेकिन इनका जोश हाई है। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक, हर तरफ देश के नागरिकों में जबरदस्त जोश देखा जा रहा है। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई देश की सेवा के लिए खुद को तैयार बता रहा है। सबका यही कहना है कि हमें बस एक मौका चाहिए, बंदूक पकड़ा दो और हम बॉर्डर पर दुश्मनों का सामना करने को तैयार हैं। ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कई हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। कई युवाओं ने खुद को सेना के लिए स्वेच्छा से तैयार बताते हुए वीडियो अपलोड किए हैं। कुछ ने तो यहां तक कहा कि अगर सेना में भर्ती नहीं हो सकते, तो भी वे किसी भी तरह देश सेवा के लिए तैयार हैं।

देशभक्ति की यह लहर बताती है कि भारत के नागरिक अपने देश के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज़्बा रखते हैं। सोशल मीडिया पर युवाओं के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। चंडीगढ़ में सिविल डिफेंस वॉलंटियर के तौर पर भर्ती होने के लिए पहुंचे एक युवक का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। युवक इस वीडियो में कह रहा है कि मैं भारत के लिए जान देने के लिए तैयार हूं। मैं हमेशा तैयार हूं। हमें बस बंदूक पकड़ा दीजिए, हम अपने दुश्मनों को ठोक कर आएंगे। इसके बाद वहां मौजूद अन्य युवक भारत माता की जय के नारे लगाते हुए दिखाई दिए।

हम अपनी सेना के लिए कुछ करना चाहते हैं
चंडीगढ़ की स्थानीय निवासी मुस्कान ने कहा कि हम यहां सेना का समर्थन करने के लिए हैं। वे हमारे लिए बहुत कुछ कर रहे हैं, और हम भी अपनी सेना के लिए कुछ करना चाहते हैं। एएनआई से बात करते हुए, एक अन्य निवासी करण चोपड़ा ने कहा कि मैं भारत के लिए अपनी जान देने के लिए तैयार हूं। हमने फॉर्म भर दिया है; हमसे जो भी अपेक्षित है, हम करने के लिए तैयार हैं।

भारतीय सेना की करना चाहते हैं मदद
चंडीगढ़ के निवासी परमबीर सिंह ने कहा कि हम अपने देश को अपनी सेवाएं देने के लिए यहां हैं। हमने (स्वयंसेवक सेवा के लिए) फॉर्म भर दिया है। एक अन्य स्थानीय निवासी संजना अरोड़ा ने इस बात पर जोर दिया कि वे सभी भारतीय सेना की मदद करना चाहते हैं और पाकिस्तान के लगातार उकसावे का जवाब देना चाहते हैं।

चंडीगढ़ के डीसी ने क्या कहा
चंडीगढ़ के डीसी निशांत यादव ने कहा कि हम टैगोर थिएटर में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स के लिए स्वैच्छिक प्रशिक्षण और नामांकन शिविर आयोजित कर रहे हैं। लोगों की प्रतिक्रिया वाकई अच्छी है। हमने 1000 से ज़्यादा लोगों को नामांकित किया है। उन्हें टैगोर थिएटर में प्रशिक्षित किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग आए थे। इसलिए, हमने बाकी लोगों को तिरंगा पार्क में दूसरे शिविर में भेज दिया है। सिविल डिफेंस प्रशिक्षण का दूसरा बैच जल्द ही वहाँ शुरू होगा। हमें जो प्रतिक्रिया मिली है, उसके साथ हमें उम्मीद है कि आज हम 3000 सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित और नामांकित कर पाएंगे।

बोले- अभी स्थिति शांतिपूर्ण
उन्होंने आगे कहा कि अगर लोगों की मांग होगी तो हम इसे नियमित अभ्यास के तौर पर जारी रख सकते हैं। हमारे पास पर्याप्त क्षमता है, एनडीआरएफ की टीम भी प्रशिक्षण देती है, रेड क्रॉस प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण देता है। इसके अलावा, शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। हमारी दीर्घकालिक योजना इन पंजीकृत सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को तैनात करके उन्हें सामाजिक कार्यों में लगाना है…अभी स्थिति शांतिपूर्ण है।

सेना के पूर्व अधिकारियों की सलाह
भारतीय सेना के पूर्व अधिकारियों और रक्षा विशेषज्ञों ने जनता की भावनाओं की सराहना की है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि देशभक्ति केवल जोश से नहीं, होश से भी चलती है। उनक कहना है कि हम जनता के समर्थन का सम्मान करते हैं, लेकिन युद्ध केवल हथियार से नहीं, रणनीति, अनुशासन और प्रशिक्षण से जीता जाता है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button