तकनीकी

वह मोबाइल ऐप जिसने आतंकियों को पर्यटकों तक पहुंचाया, आपने भी नहीं सुना होगा नाम!

पहलगाम आतंकी हमले की जांच कर रही एजेंसियों के सामने कई तथ्‍य निकलकर आए हैं। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी तक पहुंचने के लिए एक मोबाइल ऐप का इस्‍तेमाल किया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उस मोबाइल ऐप को पाकिस्‍तान की सेना के शह पर कस्‍टमाइज कराया गया था और आतंकियों को ऐप इस्‍तेमाल करने की ट्रेनिंग दी गई थी। अपनी डिवाइस में मौजूद ऐप के जरिए आतंकी, पहलगाम में निहत्‍थे पर्यटकों तक पहुंचे और 28 को मौत के घाट उतार दिया।

किस ऐप का किया इस्‍तेमाल

तमाम मीडिया रिपोर्टों में सुरक्षा एजेंस‍ियों के हवाले से एक ऐप का नाम बताया गया है। यह है- अल्पाइन क्वेस्ट ऐप्‍ल‍िकेशन। कहा जा रहा है कि अल्पाइन क्वेस्ट की मदद से आतंकी पहलगाम के घने जंगलों में छुपकर मौके वाली जगह तक पहुंचे और पर्यटकों को निशाना बनाया। कहा जा रहा है कि इससे पहले जम्‍मू के जंगलों में भी आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए ऐप का इस्‍तेमाल किया गया था।

क्‍या है अल्पाइन क्वेस्ट ऐप

इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, अल्‍पाइन क्‍वेस्‍ट ऐप में ऐसी खूबी होती है कि कोई भी अपने लिए एक रूट बना सकता है। यह ऐप काम करता है ऑफलाइन भी। यानी अगर इंटरनेट कनेक्टिव‍िटी नहीं है, तब भी आप अपने रूट पर बढ़ते रहेंगे। फोन में नेटवर्क या इंटरनेट नहीं आए, तब भी ऐप काम करता रहता है। पहाड़, जंगल या नदी के रास्‍ते से गुजरने के लिए इस ऐप को बेहतर बताया जाता है।

पाकिस्‍तानी सेना से मिली मदद

मीडिया रिपोर्टों में आई जानकारी के अनुसार, भारतीय खुफ‍िया एजेंसियों की ट्रैकिंग से बचने के लिए पाकिस्‍तानी सेना ने आतंकियों की मदद की। मोबाइल ऐप अल्पाइन क्वेस्ट को तैयार करवाया ताकि आतंकियों का पता ना लगाया जा सके और वो तय लोकेशन तक पहुंच जाएं। रिपोर्ट्स के अनुसार, जैसे ही ऐप तैयार हुआ, आतंकियों को बॉर्डर पार ट्रेनिंग दी गई कि ऐप को कैसे इस्‍तेमाल करना है।

गौरतलब है कि इस हमले में 28 लोगों की जान गई है। इनमें ज्‍यादातर पुरुष हैं, जिन्‍हें उनके परिवार के सामने गोली मारी गई। एक शख्‍स को उसके तीन साल के बच्‍चे और पत्‍नी के सामने गोली मार दी गई। हमले से पूरे देश में गुस्‍सा है। सरकार ने पाकिस्‍तान पर कार्रवाई करते हुए सिंधु जल समझौते को खत्‍म करने समते कई फैसले लिए हैं। पाकिस्‍तानी नागरिकों को वीजा ना देने की बात कही है। पाकिस्‍तानी उच्‍चायोग के स्‍टाफ को भी कम कर दिया है। हमले के पीछे लश्‍कर-ए-तैयबा के संगठन द रेजिस्‍टेंट फ्रंट का हाथ बताया जा रहा है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button