राष्ट्रीय

तमिलनाडु से देश एवं विश्व को संदेश…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तमिलनाडु विशेषकर रामेश्वरम की यात्रा, वहां के कार्यक्रम, भाषण आदि की जितनी गहन चर्चा देश में होनी चाहिए उतनी नहीं हुई। हमारे यहां राजनीति में तीखा विभाजन होने के कारण देश के सकारात्मक मुद्दे गौण हो जाते हैं और नकारात्मक, निहित स्वार्थ के तहत उठाए देश के लिए क्षतिकारक मुद्दे सर्वाधिक चर्चा में होते हैं। लंबे समय से दक्षिण को संपूर्ण भारत से अलग साबित करने और तमिल को बिल्कुल भारतीय संस्कृति से विलग के करने का अभियान चल रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं और उनकी सरकार लंबे समय से भारतीय संस्कृति, सभ्यता, अध्यात्म, सामाजिक जीवन आदि में वैदिक काल की एकता के तत्वों को सामने लाकर दिशा देने की कोशिश कर रही है। सामान्य तौर पर देखें तो प्रधानमंत्री मोदी ने वहां पंबन पुल का उद्घाटन किया, रेलवे को हरी झंडी दी, रामेश्वरम धाम में पूजा की तथा जनसभा को संबोधित किया। राजनीतिक दृष्टि से यह कार्यक्रम सामान्य माना जा सकता है। किंतु पूरी स्थिति समझने वाले इन कार्यक्रमों के दूरगामी गहरे प्रभाव शक्ति को स्वीकार करेंगे। 

आखिर रामनवमी का दिन ही इस कार्यक्रम के लिए क्यों चुना गया होगा? रामनवमी भारत की दृष्टि से इस वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण दिवस बन गया। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामेश्वरम द्वीप और मुख्यभूमि को जोडऩे वाले पंबन समुद्र पुल का उद्घाटन कर रहे थे तो दूसरी ओर अयोध्या में निश्चित समय पर सूर्य की किरणें ठीक रामलला के मस्तक पर तिलक लगा रही थीं। इसके साथ प्रधानमंत्री ने उपग्रह से सेतु समुद्र को स्वयं देखने के साथ संपूर्ण विश्व को दिखाया। यह भारतीय सभ्यता, संस्कृति की कल्पनाशीलता और विज्ञान दोनों स्तरों पर उच्च सोपान का प्रमाण था। संपूर्ण दृश्य अद्भुत था। अगर तमिलनाडु को श्री राम, श्री कृष्ण, महादेव यानी शिव से अलग कर दें तो वहां बचेगा क्या? 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी का साकार स्वरूप देश और विश्व के सामने रखने का प्रयास कर रहे थे। पंबन पुल भारत का पहला वर्टिकल सी लिफ्ट पुल है जो हमारे आधुनिक ज्ञान ,उच्च तकनीक अभियांत्रिकी की क्षमता का प्रदर्शन है। भारत ने पंबन ब्रिज के अलावा जम्मू-कश्मीर में विश्व के सबसे ऊंचे रेल पुलों में से एक चिनाब ब्रिज का निर्माण किया है तो मुंबई में देश का सबसे लंबा समुद्री पुल अटल सेतु और पूर्व में असम में बोगीबील ब्रिज का निर्माण हुआ है। रामेश्वरम को मुख्य भूमि से जोडऩे वाला यह पुल वैश्विक मंच पर भारतीय इंजीनियरिंग की बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने है। इसके साथ रामेश्वरम-ताम्बरम (चेन्नई) नई ट्रेन सेवा की शुरुआत हुई तो मोदी ने एक कोस्ट गार्ड शिप को भी फ्लैग ऑफ किया। 

पंबन पुल की लंबाई 2.08 किमी है। इसमें 99 स्पैन और 72.5 मीटर का वर्टिकल लिफ्ट स्पैन है जो 17 मीटर तक ऊपर उठता है, जिससे जहाजों की आवाजाही की सुविधा मिलती है और साथ ही निर्बाध ट्रेन संचालन सुनिश्चित होता है। इसके नीचे से बड़े जहाज भी आसानी गुजर सकेंगे और ट्रेनें तेजी से दौड़ सकेंगी। जब भी जहाज आएगा पुल अपने आप ऊपर उठ जाएगा। यह पुल रामेश्वरम को श्रद्धालुओं के लिए बेहतर कनैक्टिविटी प्रदान करेगा।

नई ट्रेन सेवा रामेश्वरम को चेन्नई के साथ देश के अन्य हिस्सों से भी जोड़ेगी। अगर सामान्य तौर पर पंबन पुल का उद्घाटन हो जाता तो भारत को जिस रूप में हम विश्व के समक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं, स्वयं भारतीयों के अंदर आंतरिक नैसर्गिक एकता तथा अपने देश की विरासत पर गर्व के भाव से प्रेरणा देने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं वह पूरा नहीं होता। हम यहां उन आंकड़ों में नहीं जाएंगे जिन्हें प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में तमिलनाडु में केंद्र सरकार द्वारा दी गई धनराशि या कार्यों के संदर्भ में प्रस्तुत किया। कोई तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके साथियों का यह आरोप स्वीकार नहीं कर सकता कि देश के अन्य क्षेत्रों की तरह तमिलनाडु को विकास की नीतियों में पर्याप्त महत्व नहीं मिलता। 

सत्य यह है कि इस प्रकार की भाषा तमिलों के अंदर अंग्रेजी शासन काल से लेकर लंबे समय तक निराधार तमिल क्षेत्रीय नैशनलिज्म व संपूर्ण भारतीय संस्कृति से अलग विशिष्ट ही नहीं मूल अध्यात्म और संस्कृति के विरुद्ध साबित करने का अभियान चला रहा है। सनातन, हिंदी, उत्तर आदि के बारे में अपमानजनक और उत्तेजित करने वाली भाषा के पीछे की नकारात्मक सोच को समझना कठिन नहीं है। मोदी सरकार ने काशी तमिल संगम आरंभ कर इस उत्तर और दक्षिण की अंतर्भूत एकता को ही प्रमाणित और साकार करने की पहल की है जिसके परिणाम आ रहे हैं। तमिल के नाम पर अलगाववाद और सनातन विरोधी भावना भड़काने वाले आखिर इतिहास की सच्चाइयों को कैसे खारिज कर सकते हैं। केवल कहने की बजाय अगर प्रधानमंत्री स्तर के व्यक्ति साकार रूप में उन मंदिरों में जाते हैं, पूजा करते हैं, उनके बारे में बोलते हैं सेतुबंध को उपग्रह से प्रदर्शित करते हैं तो भारत सहित संपूर्ण विश्व में इसका संदेश जाता है। इससे विश्व समुदाय के अंदर यह भी स्थापित होता है कि एकता के ही विविध रूप के साथ भारत समृद्ध प्राचीन विरासत के साथ आधुनिक विकास विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी समृद्धतम बन रहा है।-अवधेश कुमार    

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button