छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत138 जोड़ों ने लिए सात फेरे

मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले के चिरमिरी में महिला एवं बाल विकास विभाग ने भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया. 138 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए और जीवनभर एक दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, चिरमिरी में किया गयाय. वर वधू और उनके परिजन सुबह से ही उमड़ पड़े. विवाह समारोह में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया.

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है. इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिसमें से 35,000 रुपये बैंक खाते में और 15,000 रुपये सामग्री और अन्य आवश्यकताओं के लिए दिए जाते हैं.

नवविवाहितों ने सरकार का जताया आभार: इस योजना के तहत शादी करने वाले दूल्हों में से एक त्रिलोक कुमार ने कहा,”सरकार ने हमारी बहुत मदद की. हमें 50,000 रुपये की सहायता मिली, जिससे शादी का खर्च आसानी से पूरा हुआ. अभी बेरोजगार हैं, लेकिन इस राशि से कुछ व्यवसाय शुरू करने का विचार है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार कि उन्होंने हमें यह अवसर दिया.”

नवविवाहित वधू मधु ने कहा,”हमारे परिवार के लिए यह योजना बहुत सहायक रही. विवाह के लिए दी गई आर्थिक सहायता से शादी का खर्च आसानी से पूरा हुआ. मैं सरकार को धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने इतना अच्छा कार्यक्रम आयोजित किया.”

सौंपे गए विवाह प्रमाण पत्र, मिलेगा बैंक खाते में पैसा: परियोजना अधिकारी राजकुमार ख्याति ने बताया कि 138 जोड़ों का पूरी तरह से सत्यापन कर विवाह कराया गया है. पहले की तुलना में अब विवाह योजना के तहत राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाती है, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं रहती.

पहले सरकार द्वारा सामान खरीदकर दिया जाता था, लेकिन अब नीति बदली गई है. अब राशि सीधे खाते में दी जा रही है, जिससे लाभार्थी अपनी जरूरत के अनुसार खर्च कर सकते हैं- राजकुमार ख्याति, परियोजना अधिकारी

भव्य आयोजन में उमड़ा जनसैलाब: चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में हजारों लोग इस आयोजन के साक्षी बने. विवाह कार्यक्रम में वर-वधू के परिवारजनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे. भोजन एवं अन्य सुविधाओं की बेहतरीन व्यवस्था की गई थी, जिससे नवविवाहित जोड़ों के परिवार बेहद प्रसन्न नजर आए.

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार की यह योजना गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रही है. “आज के समय में शादी का खर्च लाखों में पहुंच जाता है, लेकिन इस योजना के कारण गरीब परिवारों को कोई वित्तीय दबाव नहीं झेलना पड़ता. यह सरकार की ओर से एक उपहार है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर पात्र व्यक्ति को इस योजना का लाभ मिले.”

भरतपुर में भी होंगे 22 जोड़ों के विवाह: परियोजना अधिकारी ने बताया कि भरतपुर में 27 मार्च को 22 और जोड़ों का विवाह इसी योजना के तहत संपन्न कराया जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और सभी ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत इस वर्ष अब तक जिले में 160 से अधिक जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button