एमसीबी में युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों का आरोप दुष्कर्म के बाद हत्या

मनेंद्रगढ चिरमिरी भरतपुर: एमसीबी के चिरमिरी में एक युवती की लाश मिली है. पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का केस बताया है. दूसरी तरफ परिजन इसे हत्या बता रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि युवती के साथ दुष्कर्म हुआ और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. युवती के भाई ने कहा कि होली के दिन उसके बहन के साथ गैंगरेप किया गया. उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई.
गुस्साए लोगों ने किया बवाल: इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चिरमिरी थाना पहुंचकर बवाल काटा. लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. लोगों ने इस घटना के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
हमें शक है कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और उसे ब्लैकमेल किया गया था.पुलिस को इसमें तत्काल एक्शन लेना चाहिए – युवती के परिजन
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस की जांच की जाएगी. अभी सभी पहलुओं पर जांच हो रही है- विवेक पाटले, थाना प्रभारी, चिरमिरी
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर पुलिस की तरफ से कहा गया है कि वे इस केस की जांच कर रहे हैं. युवती की हत्या हुई है या उसकी मौत आत्महत्या से हुई है. इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो सकेगा. होली के बाद प्रदेश में क्राइम का ग्राफ बढ़ गया है. धमतरी में भी होली के दिन एक हत्या हुई.



