सीएम साय नगर पालिका और अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण में हुए शामिल

जशपुर: नगर पालिका परिषद जशपुर के नव निर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को संपन्न हुआ. जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय बालक स्कूल में हुए शपथ ग्रहण समारोह में सीएम साय शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने नगर पालिका परिषद जशपुरनगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंद भगत और 20 वार्डों के पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. एसडीएम जशपुर ने अध्यक्ष एवं सभी पार्षदों को वार्डवार शपथ दिलाई
शहर की नई सरकार को सीएम ने दी बधाई: इस अवसर पर शहर की नई सरकार को सीएम विष्णुदेव साय ने बधाई दी. उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद की नई टीम पूरी ईमानदारी से क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेगी. जिला पंचायत और नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलेगी. पीएम मोदी की कल्याणकारी योजनाओं का फायदा लोगों को मिलेगा.
नई सरकार शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य करेगी. नई टीम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी.- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
जशपुर सरकार की नई टीम के बारे में जानिए: शपथ लेने वालों में अनुज कुमार, सुधीर कुमार पाठक, राजेश गुप्ता, शशि बाई, फैजान खान, कमला कुमारी, सुधीर कुमार भगत, प्रभा शर्मा, रमाशंकर प्रसाद गुप्ता और द्वारिका मिश्रा शामिल रहे. इसके अलावा शबनम, कंचन बैरागी, विक्रांत सिंह, प्रियम्बदा देवी, विनोद कुमार निकुंज, विजेता भगत, मुकेश्वर इंदवार, देवधर नायक, यश प्रताप सिंह जूदेव और शैलेंद्री यादव ने भी शपथ लिया.
जशपुर अधिवक्ता संघ का शपथ ग्रहण: जशपुर के जिला व्यवहार न्यायालय में जिला अधिवक्ता संघ के द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के लिए आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. यहां उन्होंने नव निर्वाचित अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सदस्यों को शपथ दिलाई. इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंसूर अहमद और अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जनार्दन खरे मौजूद रहे.
राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार समाज का कार्यक्रम: इसके अलावा सीएम विष्णुदेव साय राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार के प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए. उन्होंने इस दौरान समाज के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की. इस राशि का इस्तेमाल सामाजिक भवन बनाने के लिए किया जाएगा. इसके साथ ही सोनार समाज के मेधावी छात्र छात्राओं का सीएम ने सम्मान किया. ऐसे छात्र छात्राएं जो 10वीं और 12वीं में टॉपर रहे और आईआईटी और मेडिकल में एडमिशन पाया. उन्हें भी सीएम ने सम्मानित किया.



