छत्तीसगढ़

नौकरी के नाम पर ठगी, बेरोजगारों को शिकार बनाने वाले गिरफ्तार

बलौदा बाजार: नौकरी दिलाने के नाम बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. युवाओं से ठगी करने के आरोपी GOOD WAY TEAM नाम की संस्था चला रहे थे. आरोप है कि ये रैकेट बेरोजगार युवाओं को अपने झांसे में फंसाता था और नौकरी दिलाने के नाम पर उनको ठगता था. भाटापारा पुलिस के मुताबिक ये लोग प्रति बेरोजगार युवाओं से 31 हजार ले चुके हैं.

 आरोपियों ने जिन युवाओं को ठगा उनका कहना था कि जब वो नौकरी के लिए गए तो उनको सामान बेचने के लिए कहा गया. लोगों का चेन सिस्टम तैयार कर सामान को सेल करने के निर्देश दिए गए. पीड़ितों की शिकायत पर भाटापारा पुलिस ने केस दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोगों में एक युवती भी शामिल है.

GOOD WAY TEAM नामक संस्था पर आरोप है कि उसने बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने का झांसा देकर ठगी की. आरोपियों ने 80 से अधिक लोगों से लाखों रुपये वसूले हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की जांच जारी है. बाकि पीड़ितों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी – हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बलौदा बाजार

आरोपियों ने ट्रेनिंग के नाम पर पैसे लिए. फिर ड्रेस, आईडी और इंश्योरेंस के नाम पर 28,000 रुपये वसूले. बाद में उन्हें बताया गया कि नौकरी के बदले उन्हें कपड़े और कॉस्मेटिक सामान बेचना होगा और नए लोगों को जोड़ना होगा. हमारी टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी राहुल नवरंग सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. कंपनी पर आगे भी जांच जारी रहेगी और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी – थानेश साहू, डीएसपी, भाटापारा

मुंगेली की युवती ने दर्ज कराई शिकायत: मुंगेली की रहने वाली पूर्णिमा साहू ने सबसे पहले ठगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. पूर्मिणा ने बताया कि उसकी सहेली ने उसे भाटापारा में GOOD WAY TEAM के बारे में जानकारी दी. पूर्णिमा की सहेली ने बताया कि संस्था युवाओँ को अच्छी नौकरी और अच्छा वेतन दिलाती है. युवती ने जब संस्था से संपर्क किया तो संस्था ने ट्रेनिंग और फीस के नाम पर उससे 3 हजार जमा करने को कहा. बाद में नौकरी, ड्रेस, रजिस्ट्रेशन और ट्रेनिंग के नाम पर 28 हजार और देने को कहा. पीड़िता से कुल 31 हजार की ठगी आरोपी ने कर ली.

कई बेरोजगारों को ठगा: पूर्णिमा की तरह कई युवाओं को भी संस्था ने अपने फर्जी जाल में फंसाकर ठगा है. पीड़ितों का कहना है कि जब वो नौकरी करने के लिए गए तो उनसे अलग अलग कंपनियों में सेल्स मैन की तरह काम करने को कहा गया. पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि कंपनी ने युवाओं को बरगलाने के लिए कई अलग अलग तरह की स्कीमें भी बना रखी थी.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button