पानी की कमी को लेकर वार्डवासियों ने मटकी लेकर निगम आयुक्त के सामने किया प्रदर्शन

राजनांदगांव : राजनांदगांव के महावीर चौक से राजनांदगांव नगर निगम कार्यालय तक प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस पार्षदों और वार्ड वासियों ने पानी की समस्या को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. इस दौरान वार्डवासियों ने स्टेशन पारा,गौरी नगर,चिखली और अन्य क्षेत्रों में हो रही पानी की समस्या को लेकर आयुक्त कार्यालय के सामने बैठकर जमकर नारेबाजी की.प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मिट्टी की मटकी और नगाड़ा लेकर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की.
पार्षदों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी : इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1 से वार्ड क्रमांक 13 तक पानी की किल्लत है. जिससे लोगों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.इसलिए आज हम लोगों अपनी की समस्या को लेकर नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन देकर नगाड़ा बजाकर जागने की कोशिश की गई है. आप जाग जाओ और लोगों के लिए पानी की व्यवस्था करो. अन्यथा आने वाले समय में हमारे द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा. वहीं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के मुताबिक पटरी पार क्षेत्र में स्टेशन पारा,गौरी नगर के लोग और पार्षद आए हुए हैं.
अभी हम जो एक टाइम पानी की सप्लाई कर रहे हैं,वो पर्याप्त नहीं है.इसकी समस्या बताते हुए इसका निवारण करने का ज्ञापन सौंपा गया है- अतुल विश्वकर्मा,आयुक्त नगर निगम
आपको बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है. शहर के कई क्षेत्रों में एक समय पानी की सप्लाई की जा रही है. जिसके कारण लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है. इसे लेकर कांग्रेस के पार्षदों, वार्डवासी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया.पार्षदगण नगरवासियों के साथ नगाड़ा बजाकर और हाथों में मटकी लेकर प्रदर्शन करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे. जल्द पानी की समस्या को दूर करने की मांग की गई है. समस्या दूर नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है.



