महिला दिवस पर आयोजन, कौशल्या साय और बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर, जया प्रदा और अनिकृति चौहान शामिल

दुर्ग: भिलाई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह हुआ. इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ ही अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, जया प्रदा और अनिकृति चौहान भी मौजूद रहीं. यह कार्यक्रम भिलाई के एक निजी होटल में हुआ. इस इवेंट में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं.वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने यह कार्यक्रम आयोजित कराया. इस सम्मान समारोह में करीब ढाई हजार महिलाओं का सम्मान किया गया. इस मौके पर कौशल्या देवी साय ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं.
कौशल्या साय ने महिलाओं को दी शुभकामनाएं: भिलाई में आयोजित इस खास कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय ने महिलाओं को शुभकामनाएं दी. इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर और जया प्रदा का उन्होंने आभार जताया. कौशल्या साय ने बीजेपी विधायक रिकेश सेन की तरफ से इस तरह का आयोजन करने पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं.
इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने कहा कि मुझे जब भी महिलाओं से बातचीत करने का मौका मिलता है तो मैं खुद को रोक नहीं पाती हूं. मैं शुक्रिया कहना चाहूंगी कि मुझे यहां बुलाया गया. हर समाज में कितना उत्थान हुआ है यह देखना है तो महिलाओं की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है. बॉलीवुड अभिनेत्री जया प्रदा ने इस अवसर पर वहां उपस्थित सभी महिलाओं का आभार जताया. उन्होंने दुर्ग की सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.



