निजी स्कूल पर चर्च निर्माण के लिए फीस लेने का आरोप , जांच टीम गठित

दुर्ग: दुर्ग के सेक्टर 6 में स्थित निजी स्कूल एमजीएम के खिलाफ फीस लेकर चर्च बनाने का आरोप लगा है. स्कूली छात्रों के अभिभावक और स्थानीय नागरिकों की तरफ से इसकी शिकायत दुर्ग जिला शिक्षा विभाग को की गई है. उसके बाद इस केस में जांच की जा रही है. जिला शिक्षा विभाग ने लोगों की तरफ से शिकायत मिलने की बात कही है और इस केस में जांच के आदेश जारी करने की बात शिक्षा विभाग कह रहा है.
स्कूल पर गंभीर आरोप: दुर्ग के एक पूर्व सैनिक मथाई वर्गीस की तरफ से शिक्षा विभाग को शिकायती पत्र लिखा गया है. इस पत्र में गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पत्र में लिखा गया है कि एमजीएम स्कूल ने बच्चों की तरफ से ली जा रही फीस की राशि में से 1.5 करोड़ रुपये की राशि चर्च के निर्माण के लिए जारी किया है. पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि यह राशि बच्चों से फीस के रूप में ली जा रही है.
दुर्ग जिला शिक्षा विभाग ने शिकायत की बात कबूली: इस शिकायती पत्र पर दुर्ग के जिला शिक्षा अधिकारी ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर शिकायत प्राप्त हुई है. जिला शिक्षा विभाग की तरफ से इस केस की जांच के लिए एक जांच दल का गठन किया गया है. यह जांच दल स्कूल प्रशासन से जवाब मांगेगा. जांच के बाद एक्शन लिया जाएगा.
छात्रों की फीस का इस उद्देश्य के लिए उपयोग किया जाना नियमों के विरुद्ध हो सकता है. इस संबंध में जांच दल बना दिया गया है, जो रिपोर्ट सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगा. यदि जांच दल की रिपोर्ट में यह साबित होता है कि स्कूल प्रशासन ने बिना अनुमति फीस का उपयोग धार्मिक संरचनाओं के लिए किया है, तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है- अरविंद मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग
दुर्ग जिला शिक्षा विभाग शिकायत पर एमजीएम स्कूल फीस के मुद्दे पर जांच रिपोर्ट का गठन किया गया है. जांच के बाद ही इस मुद्दे पर शिक्षा विभाग आगे कुछ भी कहने की बात कह रहा है.



