सिनेमा घर से 1.34 लाख रुपए लूट कर फरार आरोपी भोपाल से गिरफ्तार

भिलाई: सिनेमा घर से पुष्पा टू की कमाई पर हाथ साफ करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. भिलाई के सिनेमा घर में सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट और कमरे में बंद कर लॉकर से पैसे उड़ाए गए थे. करीब 1.34 लाख रुपए लूट कर फरार हुए एक आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने भोपाल से दबोचा है.
फिल्म पुष्पा टू की कमाई पर डाला था डाका: छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि 9 दिसंबर 2024 को तड़के 4 बजे बाइक में सवार 2 नकाबपोश सिनेमाघर के अंदर दाखिल हुए. उन्होंने सिनेमा घर में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड नोहर देवांगन से मारपीट कर उसे एक कमरे में बंद कर दिया. फिर लॉकर की चाबी लेकर लॉकर से 1 लाख 34 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए थे.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग: सिनेमाघर के मालिक ने पुरानी भिलाई थाना में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी. टॉकिज के मैनेजर ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए. उन दिनों सिनेमा घर में पुष्पा 2 मूवी लगी थी तो शो हाउसफुल चल रहा था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की. उसके बाद पुलिस को लगातार सुराग मिलते गए और पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को धर दबोचा.
भिलाई सीएसपी ने दी जानकारी: सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि हुबहू पैटर्न में वारदात और आरोपियों की तलाश करने टीम तैनात की गई. जांच के दौरान पता चला कि इंदौर में इसी तरीके की वारदात हुई थी. हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश करने पर एक आरोपी भोपाल से पकड़ में आया है.



