महिला पंचों के पतियों को शपथ ग्रहण कराने वाला सचिव निलंबित

कवर्धा: जिले में महिला पंचों की जगह पतियों को शपथ ग्रहण के मामले में सीईओ ने एक्शन लिया है. जनपद पंचायत पंडरिया की ग्राम पंचायत परसवारा का यह मामला है. यहां नवनिर्वाचित पंच प्रतिनिधियों के प्रथम सम्मेलन में महिला पंचों की अनुपस्थिति में उनके पतियों को नियम विरुद्ध पंच पद का शपथ दिलाने का मामला सामने आया.
अब इस मामले में संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत परसवारा के सचिव प्रणीवर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है. ग्राम पंचायत परसवारा में 3 मार्च को नवनिर्वाचित पंचों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें सचिव ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती. इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पंडरिया ने प्रथम दृष्टया सचिव को दोषी मानते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था.
सचिव पर गिरी गाज: छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा अनुशासन तथा अपील नियम 1999 में निहित प्रावधानों के अनुसार सचिव प्रणवीर सिंह ठाकुर को निलंबित करते हुए जनपद पंचायत पंडरिया में अटैच किया गया है. निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.
CEO जिला पंचायत कवर्धा अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 3 मार्च को कबीरधाम जिले में नवनिर्वाचित पंच सरपंच का सम्मेलन आयोजित किया गया था. 4 मार्च को मीडिया ने दिखाया कि महिलाएं निर्वाचित हुई हैं, लेकिन उनके पतियों ने शपथ ली है. इस मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सचिव को निलंबित कर दिया गया है और आरोप पत्र जारी किया गया है. आगे जांच के बाद जो भी आवश्यक कार्रवाई है, वह की जाएगी.



